नगर परिषद के साधारण सम्मेलन में विकास कार्यों एवं नगरीय व्यवस्थाओं से जुड़े 12 महत्वपूर्ण प्रस्ताव सर्वसम्मति से पारित : रामद्वारा मंदिर की जमीन पर बनी दुकानों पर कार्रवाई के संकेत
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि परिषद नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन में लिए गए निर्णयों से पार्क, मांगलिक भवन, नवीन कार्यालय, दुकान और सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी।
सैलाना (प्रकाशभारत न्यूज़) सैलाना में अवैध निर्माण के खिलाफ नगर परिषद अब सख्त कदम उठाने की तैयारी में है। शुक्रवार को मोती बंगला स्थित मांगलिक भवन में आयोजित नगर परिषद के साधारण सम्मेलन में श्री रामद्वारा मंदिर की भूमि पर निर्मित दुकानों के मामले में ध्वस्तीकरण की कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू करने का निर्णय लिया गया। परिषद ने मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू सिंह को निर्देश दिए कि राजस्व विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर भूमि और दुकानों से संबंधित संपूर्ण जानकारी जुटाई जाए और नियमों के तहत आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
बिना अनुमति निर्माण पर भी होगी कार्रवाई
बैठक में निकाय क्षेत्र में बिना अनुमति किए जा रहे निर्माण कार्यों का मुद्दा भी प्रमुखता से उठा। परिषद ने ऐसे सभी संपत्तिधारकों को सूचना पत्र जारी करने और नियमानुसार कार्रवाई करने का फैसला लिया। साथ ही संबंधित निर्माणों से जुड़े कर की वसूली की प्रक्रिया भी नियमानुसार किए जाने पर सहमति बनी।
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला की अध्यक्षता और मुख्य नगर पालिका अधिकारी नीतू सिंह के संचालन में हुए सम्मेलन में नगर विकास, निर्माण कार्य, राजस्व, नगरीय व्यवस्थाओं और नागरिक सुविधाओं से जुड़े विभिन्न प्रस्तावों पर चर्चा हुई। परिषद द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों को सर्वसम्मति से पारित किया गया।
नए मांगलिक भवन से लेकर नगर परिषद कार्यालय तक को मंजूरी
वार्ड क्रमांक 10 में कालिका माता मंदिर मार्ग स्थित फिल्टर प्लांट के पास नवीन मांगलिक भवन निर्माण तथा गीता भवन के लिए आवंटित भूमि के चारों ओर बाउंड्रीवॉल निर्माण को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई।
वार्ड क्रमांक 11 में महात्मा गांधी मार्ग स्थित पुराने नगर परिषद कार्यालय भवन को तोड़कर नवीन कार्यालय भवन बनाने का निर्णय लिया गया। इसी स्थान पर कार्यालय भवन के सामने नवीन दुकानों के निर्माण को भी मंजूरी दी गई।
डॉ. अंबेडकर मार्ग की क्षतिग्रस्त दुकानों को हटाकर नवीन दुकानों के निर्माण के लिए जारी निविदा में प्राप्त 11.89 प्रतिशत कम दर को स्वीकृति देते हुए वित्तीय स्वीकृति प्रदान की गई। संबंधित फर्म से अनुबंध कर निर्माण कार्य शुरू कराने का निर्णय लिया गया।
बस स्टैंड क्षेत्र में सीसी रोड को हरी झंडी
बस स्टैंड क्षेत्र में दिनेश पारगी के मकान से पुरानी जीर्ण-शीर्ण दुकानों को हटाए जाने के बाद रिक्त हुई भूमि से लेकर निर्माणाधीन सुलभ कॉम्प्लेक्स तक सीसी रोड निर्माण को भी प्रशासकीय स्वीकृति प्रदान की गई। बैठक में पिछली कार्यवाही की पुष्टि भी की गई।
पार्क की निविदा फिर होगी, दुकान की नीलामी भी दोबारा
वार्ड क्रमांक 09 कमला नेहरू मार्ग स्थित पशु चिकित्सालय के पास प्रस्तावित पार्क निर्माण की निविदा में दर अधिक पाए जाने पर परिषद ने उसे स्वीकृति नहीं दी। अब पार्क निर्माण के लिए पुनः निविदा आमंत्रित की जाएगी।
वहीं बस स्टैंड स्थित दुकान क्रमांक एफ-7 की प्राप्त निविदा निरस्त कर नियमानुसार दोबारा नीलामी प्रक्रिया कराने का निर्णय लिया गया।
52 नामांतरण प्रकरणों में 51 मंजूर
बैठक में नामांतरण प्रभारी द्वारा कुल 52 प्रकरण प्रस्तुत किए गए। इनमें से 51 प्रकरण सर्वसम्मति से स्वीकृत कर दिए गए, जबकि एक प्रकरण में आपत्ति प्राप्त होने के कारण उसके निराकरण तक प्रकरण लंबित रखने का फैसला किया गया।
व्यवस्थित विकास और नागरिक सुविधाएं प्राथमिकता
नगर परिषद अध्यक्ष चैतन्य शुक्ला ने कहा कि परिषद नगर के विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रतिबद्ध है। सम्मेलन में लिए गए निर्णयों से पार्क, मांगलिक भवन, नवीन कार्यालय, दुकान और सड़क निर्माण सहित विभिन्न विकास कार्यों को गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि व्यवस्थित नगरीय विकास और बेहतर नागरिक सुविधाओं को प्राथमिकता देते हुए आगे भी आवश्यकतानुसार विकास कार्य किए जाएंगे।
सम्मेलन में उपाध्यक्ष सुनीता पाठक सहित पार्षदगण मीरा पाटीदार, सलोनी माण्डोत, कुलदीप कुमावत, जगदीश पाटीदार, मुकेश पाटीदार, राधा बाई पाटीदार, चंदा पारगी, पुष्पा राठौर, कृष्णा चंदेल, विशाल धबाई, हेमलता धबाई, मंगलेश कसेरा तथा एल्डरमेन सपना खराड़ी, रवि कुमार शर्मा, नाथूलाल राठौड़, वरदीचन्द पाटीदार सहित निकाय की विभिन्न शाखाओं के प्रभारी मौजूद रहे।
What's Your Reaction?



