एमसीएक्स व सट्टे की वसूली का नेटवर्क, कही बिगाड़ ना दे शहर की फिजा : सराफा व्यापारी को जान से मारने की धमकी से गरमाया रतलाम
फरियादी ने थाने में मामले की शिकायत मय प्रमाण के दर्ज कराई है। बताया जाता है कि धमकी देने वाला बदमाश एमसीएक्स सहित अन्य कारोबारों से जुड़ा हुआ है।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर में लगता है कि एमसीएक्स सट्टे का कारोबार करने वालों पर पुलिस प्रशासन और कानून का डर खत्म हो गया है। अब ये सफेदपोश अपने धंधे की वसूली के लिए स्थानीय और बाहर के गुंडों से काम करवाने लगे हैं। कल ही रतलाम शहर के घास बाजार निवासी सोने-चांदी के आभूषणों का व्यापार करने वाले सराफा व्यापारी राकेश सकलेचा को नितेश तलेरा उर्फ पिंकू मिर्ची ने मोबाइल पर जान से मारने की धमकी दी। फरियादी ने थाने में मामले की शिकायत मय प्रमाण के दर्ज कराई है। बताया जाता है कि धमकी देने वाला बदमाश एमसीएक्स सहित अन्य कारोबारों से जुड़ा हुआ है।
पुलिस थाने में फरियादी ने शिकायत दर्ज कराई है कि 24 अगस्त की रात्रि में वह घर पर था, तभी रात 10.16 बजे उसके व्हाट्सऐप नंबर पर 7581900099 से वॉइस कॉल आई, जिसे उसने रिसीव नहीं की। कुछ देर बाद उक्त नंबर 7581900099 से उसके व्हाट्सऐप नंबर पर रात्रि 10.18 बजे वॉइस रिकॉर्डिंग आई। जिसे उसने सुना तो नितेश उर्फ पिंकू मिर्ची द्वारा जान से मारने की धमकी व अश्लील गालियां दी गईं। बदमाश द्वारा करीब दस वॉइस रिकॉर्डिंग भेजी गई थीं। सभी में उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही थी। कुछ देर बाद नितेश द्वारा रिकॉर्डिंग डिलीट कर दी गई।
ये कोई पहला मामला नहीं है जब पिंकू ने धमकी दी हो। साल भर पहले भी 13 अक्टूबर 2025 को सेठजी का बाजार क्षेत्र में दो पक्षों के बीच विवाद और मारपीट हुई थी। विवाद का कारण लेन-देन से जुड़ा होने का सामने आया था। मामले ने तूल पकड़ा तो कांग्रेस ने एसपी को ज्ञापन देकर जांच की मांग की थी और सट्टे पर अंकुश लगाने की मांग की थी। इसके बाद माणक चौक पुलिस ने नितेश तलेरा उर्फ पिंकू मिर्ची और संजय गुगलिया उर्फ संजू बारिक सहित 20 लोगों पर बाउंडओवर की कार्रवाई की। इस विवाद में शहर भर के नामचीन गुंडों ने जमकर उत्पात मचाया था। इन बदमाशों में अपनी वसूली के लिए गुंडों को रसद देकर पाल रखे हैं। इसके बाद झाबुआ के सुभाष जैन को भी मिर्ची ने 350 किलो चांदी की अवैध वसूली के लिए धमकाया था, इसकी एफआईआर भी दर्ज है और फिर सराफ व्यापारी सकलेचा का मामला सामने आया है।
13 मार्च को चांदनी चौक स्थित सराफा बाजार में बाहरी बदमाशों के पहुंचने और वसूली की घटना भी हो चुकी है। इस घटना से साफ है कि शहर में एमसीएक्स और क्रिकेट सट्टे व अन्य लेनदेन की वसूली को लेकर संगठित नेटवर्क भी खुलेआम बाजारों तक पहुंचने लगा है।
जानकारी के अनुसार घटना 13 मार्च की है, जब राजस्थान के प्रतापगढ़ से गाड़ियों में भरकर आए लोग चांदनी चौक स्थित सराफा बाजार पहुंचे थे। उनके साथ कुछ स्थानीय बदमाश भी थे। अचानक बड़ी संख्या में बाहरी लोगों के पहुंचने से पूरे सराफा क्षेत्र में हड़कंप मच गया। शुरुआत में व्यापारियों को लगा कि आयकर विभाग की कार्रवाई चल रही है, लेकिन बाद में मामला लेनदेन से जुड़ी वसूली का निकला था।
एमसीएक्स, क्रिकेट सट्टे की वसूली के लिए बाहर से आ रही गैंग से शहर की फिजा कभी भी बिगड़ सकती है।
इन सब घटनाओं के बाद सकलेचा को मिली धमकी वाले मोबाइल नंबर की पुलिस साइबर सेल से जांच करवाने से एमसीएक्स, क्रिकेट सट्टे के अवैध व्यापार और वसूली के कनेक्शन की और अहम जानकारियां मिल सकती हैं।
What's Your Reaction?



