पैराडाइज वैली में पिकनिक के दौरान हादसा, दो शिक्षकों और 15 वर्षीय छात्र की डूबने से मौत
जानकारी के अनुसार जावरा के निजी स्कूल के चार शिक्षक और 13 विद्यार्थियों समेत कुल 17 लोग रविवार को पिकनिक के लिए पैराडाइज वैली पहुंचे थे। यहां झरने के नीचे बने कुंड में बच्चे और शिक्षक नहा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर से करीब 11 किलोमीटर दूर पैराडाइज वैली में रविवार दोपहर पिकनिक के दौरान दर्दनाक हादसा हो गया। जावरा के एक निजी स्कूल से पिकनिक मनाने पहुंचे दल के दो शिक्षकों और 15 वर्षीय छात्र की पानी से भरे कुंड में डूबने से मौत हो गई। वहीं तीन बच्चों को मौके पर मौजूद लोगों की मदद से सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया।
जानकारी के अनुसार जावरा के निजी स्कूल के चार शिक्षक और 13 विद्यार्थियों समेत कुल 17 लोग रविवार को पिकनिक के लिए पैराडाइज वैली पहुंचे थे। यहां झरने के नीचे बने कुंड में बच्चे और शिक्षक नहा रहे थे। इसी दौरान कुछ बच्चे गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे।
बच्चों को बचाने के प्रयास में दो शिक्षक और एक छात्र भी पानी में डूब गए। मौके पर मौजूद लोगों ने तीन बच्चों को बाहर निकाल लिया और उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल भेजा। इनमें एक छात्र और दो छात्राएं शामिल हैं।
हादसे की सूचना मिलते ही दीनदयाल नगर थाना प्रभारी अनुराग यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पानी में डूबे तीनों लोगों को बाहर निकालकर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
पुलिस के अनुसार मृतकों की पहचान विजय सिंह (52), प्रिंस पिता करण (28), दोनों निवासी जावरा, और 15 वर्षीय हर्षित पाटीदार के रूप में हुई है। मृतकों में दो शिक्षक और एक छात्र शामिल हैं। पुलिस ने मामला दर्ज कर हादसे की जांच शुरू कर दी है।
What's Your Reaction?