दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस पर दो घंटे में एक ही जगह दो भीषण हादसे : चार लोगों की मौत से मचा हड़कंप

पहले हादसे में पंजाब का परिवार हादसे का शिकार हुआ और रेलिंग टूट गई। पुलिस मौके पर जांच कर ही रही थी कि करीब दो घंटे बाद उसी क्षतिग्रस्त हिस्से से दूसरी कार भी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दोनों हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं।

Sep 29, 2026 - 15:25
 0
दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस पर दो घंटे में एक ही जगह दो भीषण हादसे : चार लोगों की मौत से मचा हड़कंप

रतलाम/जावरा (प्रकाशभारत न्यूज़)  दिल्ली-मुंबई 8 लेन एक्सप्रेस-वे पर मंगलवार की सुबह महज दो घंटे के भीतर एक ही स्थान के आसपास हुए दो हादसों ने सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए। पहले हादसे में पंजाब का परिवार हादसे का शिकार हुआ और रेलिंग टूट गई। पुलिस मौके पर जांच कर ही रही थी कि करीब दो घंटे बाद उसी क्षतिग्रस्त हिस्से से दूसरी कार भी अनियंत्रित होकर खाई में जा गिरी। दोनों हादसों में चार लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं।

दोनों दुर्घटनाएं जावरा औद्योगिक थाना क्षेत्र में हुईं। पहला हादसा तड़के करीब 4.30 बजे हुआ। पंजाब का एक परिवार कार से मुंबई जा रहा था। प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक चालक को झपकी आने की आशंका है। कार अनियंत्रित होकर एक्सप्रेस-वे के बीच बनी रेलिंग तोड़ते हुए करीब 30 फीट नीचे खाई में जा गिरी।

हादसे में 67 वर्षीय नरेंद्र कौर और 32 वर्षीय मनप्रीत कौर की मौत हो गई। कार में सवार अन्य लोग घायल हो गए। राहगीरों और अन्य वाहन चालकों से सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को जावरा अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद घायलों को रतलाम मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया।

टूटी रेलिंग के पास पुलिस कर रही थी जांच, तभी फिर हुआ हादसा

पहले हादसे के बाद एक्सप्रेस-वे की रेलिंग क्षतिग्रस्त हो चुकी थी। पुलिस टीम सुबह करीब 6.30 बजे घटनास्थल का मौका मुआयना कर रही थी, तभी उसी स्थान से गुजर रही दूसरी कार तेज रफ्तार में अनियंत्रित होकर उछली और सड़क के बीच बनी बाउंड्री से टकराने के बाद खाई में जा गिरी।

दूसरी कार में गुजरात के दाहोद का परिवार सवार था, जो उत्तर प्रदेश से इलाज करवाकर वापस लौट रहा था। इस हादसे में कार सवार दो पुरुषों की मौत हो गई, जबकि अन्य लोग घायल हुए हैं।

एक हादसे के बाद टूटी रेलिंग बनी दूसरे हादसे का खतरा

लगभग दो घंटे के अंतराल में एक ही स्थान के आसपास हुए इन दोनों हादसों ने एक्सप्रेस-वे की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार पहले हादसे में क्षतिग्रस्त हुई रेलिंग के बाद मौके पर सुरक्षा व्यवस्था और ट्रैफिक नियंत्रण की स्थिति महत्वपूर्ण हो गई थी। इसी दौरान दूसरा वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया।

जावरा औद्योगिक थाना पुलिस ने दोनों मामलों की जांच शुरू कर दी है। पुलिस हादसों के कारणों, वाहनों की गति और घटनास्थल की परिस्थितियों की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.