डॉक्टर्स डे पर गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल के विद्यार्थियों ने चिकित्सकों का किया सम्मान
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौर ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और कृतज्ञता की भावना विकसित करना है।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे के अवसर पर गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल, रतलाम के कक्षा 11वीं एवं 12वीं के विद्यार्थियों और शिक्षकों ने शहर के विभिन्न अस्पतालों में पहुंचकर वरिष्ठ चिकित्सकों का सम्मान किया। विद्यार्थियों ने चिकित्सकों को पुष्पगुच्छ एवं स्मृति-उपहार भेंट कर उनके प्रति सम्मान और आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर पद्मश्री डॉ. श्रीमती लीला जोशी, डॉ. एच.सी. खंडेलवाल, डॉ. लेखराज पाटीदार सहित अन्य चिकित्सकों का सम्मान किया गया। विद्यार्थियों ने डॉक्टरों के सम्मान में शुभकामना संदेश एवं हस्तनिर्मित शुभकामना-पत्र भी भेंट किए, जिन्हें चिकित्सकों ने सराहते हुए उनका उत्साहवर्धन किया।
कार्यक्रम में शिक्षिका श्रीमती यशोदा पाटिल, श्रीमती सरिता जैन एवं श्री देवराज यादव ने चिकित्सकों को डॉक्टर्स डे की शुभकामनाएं देते हुए समाज के प्रति उनकी उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं, समर्पण और मानवता की सेवा में दिए जा रहे अमूल्य योगदान के लिए धन्यवाद ज्ञापित किया।
इस दौरान चिकित्सकों ने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए उन्हें स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने, अनुशासित जीवनशैली अपनाने तथा समाज सेवा की भावना विकसित करने का संदेश दिया। उन्होंने कहा कि स्वस्थ समाज के निर्माण में जागरूक नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौर ने बताया कि ऐसे कार्यक्रमों का उद्देश्य विद्यार्थियों में समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों के प्रति सम्मान, संवेदनशीलता और कृतज्ञता की भावना विकसित करना है।
विद्यालय परिवार ने सभी चिकित्सकों को राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे की हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए उनके समर्पित योगदान को नमन किया। उल्लेखनीय है कि भारत में राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे प्रत्येक वर्ष 1 जुलाई को महान चिकित्सक एवं भारत रत्न डॉ. बिधान चंद्र रॉय की स्मृति में मनाया जाता है।
What's Your Reaction?



