गुरु रामदास पब्लिक स्कूल में छात्र परिषद का शपथ ग्रहण : रंगारंग कार्यक्रम रहा आकर्षण का केंद्र : हेड बॉय-हेड गर्ल सहित पदाधिकारियों ने संभाली जिम्मेदारी
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रतलाम ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज पहनाकर पदभार सौंपा तथा विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) गुरु रामदास पब्लिक सीनियर सेकेंडरी स्कूल में शनिवार को छात्र परिषद (स्टूडेंट काउंसिल) का शपथ ग्रहण समारोह एवं रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में नवनिर्वाचित हेड बॉय तन्मय सिंह चौहान एवं हेड गर्ल कु. वंशिका शर्मा सहित छात्र परिषद के पदाधिकारियों ने अपने दायित्वों का निष्ठापूर्वक निर्वहन करने की शपथ ली।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रतलाम ट्रैफिक डीएसपी आनंद स्वरूप सोनी रहे। उन्होंने नवनिर्वाचित पदाधिकारियों को बैज पहनाकर पदभार सौंपा तथा विद्यार्थियों को अनुशासन, नेतृत्व और जिम्मेदारी की भावना के साथ कार्य करने के लिए प्रेरित किया।
विद्यालय की प्राचार्य श्रीमती सुनीता राठौर एवं प्रधानाध्यापिका श्रीमती पूनम जसूजा ने छात्र परिषद के सदस्यों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि ऐसी गतिविधियां विद्यार्थियों में नेतृत्व क्षमता, आत्मविश्वास और जिम्मेदारी की भावना विकसित करती हैं।
शपथ ग्रहण के बाद विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, गणेश वंदना, पपेट डांस, पी.टी. डांस सहित आकर्षक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। नन्हे-मुन्ने बच्चों से लेकर वरिष्ठ विद्यार्थियों के प्रदर्शन ने उपस्थित अतिथियों और अभिभावकों का मन मोह लिया। मार्च पास्ट एवं बैंड का मार्गदर्शन श्री देवराज यादव ने किया, जबकि सांस्कृतिक कार्यक्रम का संचालन एवं संयोजन श्रीमती राजश्री दुबे, श्रीमती सोनाली बेटावदकर, श्रीमती कविता चौबे, कु. भावना शर्मा एवं कु. रविन्दर कौर ने किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रगान के साथ हुआ।
इस अवसर पर विद्यालय समिति के सदस्य श्री बलबीर सिंह सोढ़ी, श्री कश्मीर सिंह सोढ़ी, श्री दिलीप सिंह सोढ़ी, श्री प्रीतम सिंह सोढ़ी, श्री जोगिंदर सिंह सोढ़ी, श्री रघुवीर सिंह सोढ़ी एवं श्री विरेन्द्र सिंह सोढ़ी विशेष रूप से उपस्थित रहे। उन्होंने विद्यार्थियों की प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उन्हें निरंतर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम का प्रभावी संचालन श्रीमती सीमा उपाध्याय ने किया, जबकि अंत में हेड गर्ल कु. वंशिका शर्मा ने आभार व्यक्त किया। समारोह के समापन पर विद्यार्थियों ने विद्यालय की गरिमा बनाए रखने और अपने दायित्वों का पूरी निष्ठा एवं ईमानदारी से निर्वहन करने का संकल्प लिया।
What's Your Reaction?



