रतलाम : चिकलाना ड्रग्स फैक्ट्री मामला : फरार 11 आरोपियों पर 5-5 हजार का इनाम घोषित, 17 आरोपी गिरफ्तार : दिलावर के घर से 80 से अधिक चेकबुक और 100 से ज्यादा जमीन दस्तावेज जब्त : जांच तेज
पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी दिलावर खान के घर से जब्त किए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दिलावर के घर से 80 से अधिक चेकबुक और 100 से ज्यादा जमीन से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) चिकलाना ड्रग्स फैक्ट्री मामले में रतलाम पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए फरार 11 आरोपियों पर 5-5 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है। अब तक इस प्रकरण में कुल 17 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि 11 आरोपी अभी भी फरार हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस मुंबई सहित विभिन्न स्थानों पर लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस द्वारा मुख्य आरोपी दिलावर खान के घर से जब्त किए गए दस्तावेजों की बारीकी से जांच की जा रही है। सूत्रों के अनुसार, दिलावर के घर से 80 से अधिक चेकबुक और 100 से ज्यादा जमीन से संबंधित दस्तावेज बरामद हुए हैं। इन दस्तावेजों की जांच कालूखेड़ा थाना पुलिस द्वारा लगातार की जा रही है, जिससे आर्थिक लेनदेन और संपत्ति से जुड़े संभावित नेटवर्क का खुलासा होने की उम्मीद है।
गौरतलब है कि 16 जनवरी की रात पुलिस ने दिलावर के घर पर दबिश देकर 11 करोड़ रुपये की एमडी ड्रग्स सहित कुल 15 करोड़ रुपये का मादक पदार्थ और अन्य आपत्तिजनक सामग्री जब्त की थी। यह कार्रवाई जिले में मादक पदार्थों के खिलाफ अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाइयों में से एक मानी जा रही है।
इसी बीच वन विभाग ने भी मामले में दखल देते हुए दिलावर के घर से राष्ट्रीय पक्षी मोर और चंदन की लकड़ियां मिलने के मामले की अलग से जांच शुरू कर दी है। वन्यजीव एवं वन संपदा से जुड़े प्रावधानों के तहत भी कार्रवाई की तैयारी की जा रही है।
पुलिस को आशंका है कि यहां तैयार की जा रही ड्रग्स की सप्लाई मुंबई की हाई-प्रोफाइल पार्टियों तक की जाती थी, जहां युवाओं को नशे का आदी बनाकर मोटी रकम वसूली जाती थी। पूरे नेटवर्क की परतें खोलने के लिए पुलिस आर्थिक, आपराधिक और अंतरराज्यीय कड़ियों की जांच में जुटी है।
रतलाम पुलिस का कहना है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर पूरे सिंडिकेट का पर्दाफाश किया जाएगा। जिले में नशे के कारोबार के खिलाफ सख्त कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
What's Your Reaction?

