कुल्हाड़ी लेकर बीआरसी कार्यालय पहुंचा निलंबित शिक्षक : बीआरसी को धमकाने का किया प्रयास : गवाही से नाराज होकर किया हंगामा

स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार, फरियादी बीआरसी विवेक नागर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दोपहर करीब 2:15 बजे निलंबित शिक्षक दिलीप राठौर कुल्हाड़ी लेकर कार्यालय में घुसा और गाली-गलौज करने लगा।

Feb 11, 2026 - 13:39
 0
कुल्हाड़ी लेकर बीआरसी कार्यालय पहुंचा निलंबित शिक्षक : बीआरसी को धमकाने का किया प्रयास : गवाही से नाराज होकर किया हंगामा

रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) मारपीट के एक पुराने मामले में निलंबित शिक्षक मंगलवार दोपहर कुल्हाड़ी लेकर बीआरसी कार्यालय पहुंच गया और बीआरसी अधिकारी पर हमला करने की कोशिश की। घटना के समय कार्यालय परिसर में स्कूली विद्यार्थी भी मौजूद थे, जिससे अफरा-तफरी मच गई। कर्मचारियों की सूझबूझ से बड़ी घटना टल गई।

स्टेशन रोड थाना पुलिस के अनुसार, फरियादी बीआरसी विवेक नागर ने रिपोर्ट दर्ज कराई है कि दोपहर करीब 2:15 बजे निलंबित शिक्षक दिलीप राठौर कुल्हाड़ी लेकर कार्यालय में घुसा और गाली-गलौज करने लगा। राठौर ने आरोप लगाया कि नागर ने उसके खिलाफ चल रहे न्यायालयीन प्रकरण में गवाही दी है। इस पर नागर ने स्पष्ट किया कि उन्होंने गवाही नहीं दी, बल्कि केवल कोर्ट में उपस्थिति दर्ज कराई थी।

बताया गया कि इसी बात से आक्रोशित होकर आरोपी ने नागर का पीछा किया। जान बचाने के लिए नागर अपने कक्ष में पहुंचे और मोबाइल से घटना का वीडियो बनाने लगे। इस दौरान आरोपी ने कथित रूप से जान से मारने की धमकी भी दी। शोर-शराबा सुनकर अन्य कर्मचारियों ने बीच-बचाव किया और आरोपी को परिसर से बाहर किया।

घटना के बाद बीआरसी विवेक नागर ने थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी दिलीप राठौर के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 115(2) और 351(3) के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

पुलिस के मुताबिक, आरोपी पूर्व में मोरवानी के एक प्राथमिक विद्यालय में पदस्थ था। समय पर स्कूल नहीं पहुंचने और अनुशासनहीनता के चलते उसे नोटिस जारी किया गया था। इससे पहले भी वह नशे की हालत में बीआरसी कार्यालय में हंगामा और पत्थरबाजी कर चुका है। एपीसी राजेश झा और बीआरसी विवेक नागर के साथ मारपीट तथा उनके घर जाकर विवाद करने की घटनाएं भी सामने आ चुकी हैं। इन मामलों के बाद तत्कालीन जिला शिक्षा अधिकारी केसी शर्मा ने उसे निलंबित कर दिया था।

मारपीट से जुड़ा मामला वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। बताया जा रहा है कि उसी प्रकरण में गवाही को लेकर नाराज होकर आरोपी इस बार कुल्हाड़ी लेकर कार्यालय पहुंचा था। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.