विधायक कार्यालय में चोरी का आरोपी गिरफ्तार : 3.60 लाख के सोने के आभूषण बरामद
जानकारी के अनुसार थाना स्टेशन रोड क्षेत्र अंतर्गत विधायक कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। इसी दौरान समीपस्थ एक मकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था।
रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) कुछ समय पूर्व ग्रामीण विधायक के कार्यालय में हुई चोरी की वारदात का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता हासिल की है। आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए करीब ₹3.60 लाख कीमत के सोने के आभूषण भी बरामद किए गए हैं।
जानकारी के अनुसार थाना स्टेशन रोड क्षेत्र अंतर्गत विधायक कार्यालय का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। इसी दौरान समीपस्थ एक मकान में भी चोरी की घटना को अंजाम दिया गया था। मामले में थाना स्टेशन रोड पर अपराध क्रमांक 926/2025 के तहत धारा 331(4), 304(ए) बीएनएस में प्रकरण दर्ज किया गया था।
पुलिस द्वारा घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच एवं मुखबिर तंत्र की मदद से आरोपियों की पहचान की गई। कार्रवाई के दौरान फरार चल रहे आरोपी राधे पिता सोहन पारदी (उम्र 45 वर्ष), निवासी बजरंग नगर, रतलाम को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपी के कब्जे से चोरी किए गए सोने के आभूषण—कुल वजन लगभग 24 ग्राम, अनुमानित कीमत ₹3,60,000—जप्त किए गए हैं। बरामद सामान में सोने के हार का टुकड़ा एवं सोने का कंगन शामिल है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने अपने अन्य साथियों अविनाश पिता हिम्मत पारदी, देवा पिता सुरेश पारदी, सचिन पिता भल्ला पारदी एवं बाला उर्फ चंदन पारदी, सभी निवासी बजरंग नगर, रतलाम के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया है।
फिलहाल प्रकरण में फरार अन्य सह-आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीमों द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?

