रतलाम के शिक्षाविद गजेन्द्र सिंह राठौर वर्ल्ड स्कूल समिट अबू धाबी में होंगे स्पीकर : भारत से एकमात्र चयनित स्कूल लीडर
रतलाम के सांदीपनि विद्यालय सीएम राइज विनोबा के उप-प्राचार्य एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद गजेन्द्र सिंह राठौर को इस समिट में स्पीकर के रूप में चयनित किया गया है। वे यहां “ड्राइविंग हाई परफॉर्मेंसेस इन स्कूल्स” विषय पर टी फॉर एजुकेशन के सीईओ विकास पोटा के साथ पैनल डिस्कशन में भाग लेंगे
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) अंतरराष्ट्रीय संस्था टी फॉर एजुकेशन द्वारा आयोजित वर्ल्ड स्कूल समिट का आयोजन 15-16 नवम्बर को अबू धाबी (यूएई) की यास्मिना ब्रिटिश एकेडमी में किया जा रहा है। इस वैश्विक शिक्षा सम्मेलन में 75 देशों के लगभग 800 से अधिक यूनेस्को प्रतिनिधि, शिक्षा मंत्री, सरकारी और गैर-सरकारी संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं 50 स्पीकर भाग ले रहे हैं।
रतलाम के सांदीपनि विद्यालय सीएम राइज विनोबा के उप-प्राचार्य एवं अंतरराष्ट्रीय शिक्षाविद गजेन्द्र सिंह राठौर को इस समिट में स्पीकर के रूप में चयनित किया गया है। वे यहां “ड्राइविंग हाई परफॉर्मेंसेस इन स्कूल्स” विषय पर टी फॉर एजुकेशन के सीईओ विकास पोटा के साथ पैनल डिस्कशन में भाग लेंगे। इस चर्चा में उनके साथ ब्राजील की शीर्ष पत्रकारिता एजेंसी पोरवीर की प्रमुख तातियाना क्लिक्स, फ्रेंकलिन स्कूल यूएसए के फाउंडिंग हेड विल कैम्बेल, और आर्बर स्कूल दुबई की गेमा थोरने भी शामिल होंगी।
गजेन्द्र सिंह राठौर इस समिट में भारत के एकमात्र स्कूल लीडर हैं जिन्हें स्पीकर के रूप में आमंत्रित किया गया है। उनके नवाचार “साइकल ऑफ ग्रोथ मॉडल” और “ब्रूडिंग मॉडल इन एजुकेशन” को वैश्विक स्तर पर सराहा गया है। उनकी संस्था सांदीपनि विद्यालय सीएम राइज विनोबा रतलाम को वर्ष 2024 में वर्ल्ड्स बेस्ट स्कूल अवॉर्ड (इनोवेशन कैटेगरी) से सम्मानित किया जा चुका है।
श्री राठौर को वर्ष 2017 में राष्ट्रपति पुरस्कार तथा 2016 में नवाचारी विज्ञान शिक्षक पुरस्कार सहित अनेक राष्ट्रीय सम्मान मिल चुके हैं। वे शिक्षा विभाग में स्कूल लीडरशिप और मैनेजमेंट विषय के राज्य स्तरीय मास्टर ट्रेनर हैं तथा टीचर्स हैंडबुक के निर्माण में लेखक दल के सदस्य भी रहे हैं।
उन्होंने बताया कि समिट में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का शिक्षा में उपयोग, वैश्विक नागरिकता की समझ और 21वीं सदी की शिक्षा जैसे विषयों पर चर्चा होगी, जो भविष्य की शिक्षा दिशा तय करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएंगे।
What's Your Reaction?

