गुरु रामदास पब्लिक स्कूल में हर्षोल्लास के साथ मनाया गया ‘रंग महोत्सव’
इस अवसर पर विद्यार्थियों को होली के महत्व की जानकारी दी गई तथा प्राकृतिक रंगों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) होली के पावन अवसर पर गुरु रामदास पब्लिक स्कूल में प्री-प्राइमरी के नन्हे-मुन्ने बच्चों ने बड़े उत्साह और उमंग के साथ “रंग महोत्सव” मनाया। कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के पूजन एवं दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात विद्यार्थियों ने होली के पारंपरिक गीतों तथा रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से सभी का मन मोह लिया।
इस अवसर पर विद्यार्थियों को होली के महत्व की जानकारी दी गई तथा प्राकृतिक रंगों के उपयोग और पर्यावरण संरक्षण का संदेश भी दिया गया। सभी बच्चों ने आपसी प्रेम, भाईचारे और सौहार्द बनाए रखने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान नृत्य, गीत, कविता-पाठ एवं नाट्य-प्रस्तुति जैसी आकर्षक गतिविधियाँ आयोजित की गईं। विद्यालय समिति के सदस्यों, प्राचार्या श्रीमती सुनीता राठौड़ एवं प्रधानाचार्या श्रीमती पूनम गांधी ने सभी को होली की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि यह पर्व हमें एकता, प्रेम और सकारात्मकता का संदेश देता है।
अंत में विद्यार्थियों एवं शिक्षकों ने एक-दूसरे को गुलाल लगाकर तथा मिठाइयाँ बाँटकर होली की बधाई दी।
What's Your Reaction?

