रतलाम पुलिस की पूछताछ में बड़ा खुलासा : अंतरराज्यीय ठगी गिरोह की एक और वारदात उजागर : इंदौर में 40 लाख की ठगी कबूली

आरोपियों ने व्यापारी को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर बुलाया। वहां से व्यापारी अपने भाई के साथ कार में आरोपियों को लेकर कार्यालय पहुंचा। आरोपियों ने करीब चार किलोग्राम सोने के आभूषण होने और उनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपये बताई।

Oct 23, 2026 - 15:45
 0
रतलाम पुलिस की पूछताछ में बड़ा खुलासा : अंतरराज्यीय ठगी गिरोह की एक और वारदात उजागर : इंदौर में 40 लाख की ठगी कबूली

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) नकली सोने के आभूषण असली बताकर ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह की पूछताछ में एक और बड़ी वारदात का खुलासा हुआ है। माणकचौक पुलिस द्वारा गिरफ्तार आरोपी मानसिंह ने पूछताछ में इंदौर के एक व्यापारी से 40 लाख रुपये की ठगी करना स्वीकार किया है। आरोपियों ने पहले असली सोने का लॉकेट दिखाकर व्यापारी का विश्वास जीता और फिर नकली आभूषण थमाकर 40 लाख रुपये लेकर फरार हो गए। मामले में इंदौर के थाना लसूड़िया में पहले से ठगी की रिपोर्ट दर्ज है।

असली लॉकेट दिखाकर जीता विश्वास, फिर 40 लाख की चपत

पुलिस के अनुसार, 22 सितंबर 2023 को इंदौर के एक व्यापारी की बैंक जाते समय एक व्यक्ति से मुलाकात हुई थी। उसने सोने के आभूषण बेचने की बात कही। शुरुआत में व्यापारी ने उसकी बात पर भरोसा नहीं किया, लेकिन बाद में आरोपी ने फोन पर अपनी मां और मामा से भी बात करवाई। उन्होंने इलाज और बेटी की शादी के लिए आभूषण बेचने की बात कही।

इसके बाद व्यापारी को बुलाकर एक सोने का लॉकेट दिया गया। जांच में लॉकेट असली मिलने पर व्यापारी का आरोपियों पर विश्वास बढ़ गया और आभूषणों का सौदा तय होने लगा।

चार किलो सोना बताकर किया सौदा

आरोपियों ने व्यापारी को बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे पर बुलाया। वहां से व्यापारी अपने भाई के साथ कार में आरोपियों को लेकर कार्यालय पहुंचा। आरोपियों ने करीब चार किलोग्राम सोने के आभूषण होने और उनकी कीमत 70 से 80 लाख रुपये बताई।

सौदे के दौरान तत्काल 40 लाख रुपये देने और शेष राशि बाद में चुकाने की बात हुई। व्यापारी घर से 40 लाख रुपये लेकर कार्यालय पहुंचा और इसके बाद आरोपियों के साथ बॉम्बे हॉस्पिटल चौराहे तक गया। यहां आरोपियों ने रुपये से भरा बैग लिया और आभूषणों की थैली व्यापारी को सौंपकर चले गए।

घर पहुंचकर थैली की जांच करने पर व्यापारी को उसमें असली सोने के आभूषणों के बजाय नकली लॉकेट मिले। इस तरह आरोपियों ने कथित तौर पर असली सोने का झांसा देकर व्यापारी से 40 लाख रुपये ठग लिए।

रतलाम में छह आरोपी गिरफ्तार, अन्य वारदातों की जांच जारी

माणकचौक पुलिस ने नकली सोने-चांदी के आभूषण असली बताकर व्यापारियों और आमजन से ठगी करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह के छह सदस्यों को गिरफ्तार किया था। पुलिस मुख्य आरोपियों को रिमांड पर लेकर पूछताछ कर रही है। इसी दौरान इंदौर की वारदात का खुलासा हुआ। पुलिस अब गिरोह की अन्य संभावित वारदातों और नेटवर्क के संबंध में जानकारी जुटा रही है।

पुलिस की अपील

रतलाम पुलिस ने व्यापारियों और आमजन से अपील की है कि सोने-चांदी के आभूषण खरीदते समय उनकी प्रमाणिकता की जांच अवश्य करें। अनजान व्यक्तियों द्वारा असामान्य रूप से कम कीमत पर आभूषण बेचने की पेशकश किए जाने पर सतर्क रहें और ठगी की आशंका होने पर तत्काल पुलिस को सूचना दें।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.