अपनी बर्बादी पर आँसू बहाता पोलो ग्राउंड स्टेडियम : कब बनेगा रतलाम खेलों का हब
ऐसा ही एक दावा विकास पुरुषों ने शहर के खिलाड़ियों से 10 साल पहले किया था कि रतलाम बनेगा खेलों का हब। खेल मैदान का वादा भी बहुत जोर-शोर से किया गया। खिलाड़ी और जनता बहुत खुश हुई कि चलो अब नए खेल मैदान भी बनेंगे

चर्चा चौराहे की.........
सुजीत उपाध्याय
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज) रतलाम में वैसे तो पिछले 11 साल से वादों की गंगा बह रही है। शहर को कभी स्मार्ट सिटी तो कभी मिनी स्मार्ट सिटी बनाने के दावे शहर के विकास पुरुष करते रहे हैं। दावे ज्यादातर समाचार पत्रों में ही किए गए हैं।
ऐसा ही एक दावा विकास पुरुषों ने शहर के खिलाड़ियों से 10 साल पहले किया था कि रतलाम बनेगा खेलों का हब। खेल मैदान का वादा भी बहुत जोर-शोर से किया गया। खिलाड़ी और जनता बहुत खुश हुई कि चलो अब नए खेल मैदान भी बनेंगे। पोलो ग्राउंड भी खुश हुआ कि सभी खेलों से लेकर शादी और राजनीतिक सभाओं के लिए मुझे ही रौंदा जाता है, नए मैदान से कुछ तो आराम मिलेगा। पर कहते हैं ना, कागज़ पर की गई घोषणा घोषणा ही रह गई। ना तो नया खेल मैदान बना और ना ही रतलाम खेलों का हब बना।
27 जून को मुख्यमंत्री मोहन यादव रतलाम में रीजनल राइज़ कॉन्क्लेव में आ रहे हैं और एक बार फिर आयोजन स्थल पोलो ग्राउंड ही है।
शहर में चर्चा है कि रायपुरिया जहां औद्योगिक क्षेत्र बना रहा है, वहीँ इस आयोजन को नहीं कर सकते थे क्या ? वह हज़ारों बीघा जमीन है? फिर क्यों खिलाड़ियों के खेलने का एकमात्र मैदान रौंदा जा रहा है?
खेल के प्रति विकास पुरुष का प्रेम जगज़ाहिर है और शहर के खेल संगठन अपनी पूरी सेवाएँ उनके आयोजन में देते हैं, तो उनको भी विरोध प्रदर्शन करना चाहिए। पर वे भी जमीन की जगह केवल व्हाट्सएप पर विरोध प्रदर्शन करके इतिश्री कर रहे हैं।
चर्चा यह भी है कि 11 सालों में विकास के नाम पर बस शहर में सड़कों का चौड़ीकरण हुआ है और सड़कें तो हर ग्राम पंचायतों में भी बन रही हैं, इसमें नया क्या है?
और इस आयोजन को जनता को दिखाना है तो वह तो हर बार की तरह मीडिया में दिखा ही देंगे।
खेल के प्रति इतना प्रेम होने के नाते विकास पुरुष को पोलो ग्राउंड तो बख्श देना था। पर जनता और खिलाड़ी भी क्या करें?
रतलाम बनेगा खेलों का हब और नए खेल मैदान की आस में जनता, खिलाड़ी और पोलो ग्राउंड भी इंतज़ार में हैं। शायद अगले चुनाव के घोषणा पत्र में एक बार फिर घोषणा हो जाए कि रतलाम को मिलेगा नया खेल मैदान और रतलाम बनेगा खेलों का हब।
What's Your Reaction?






