रतलाम स्वास्थ्य कर्मचारी संघ की बैठक में नई जिला कार्यकारिणी का गठन : रवि गुर्जर बने जिला अध्यक्ष
बैठक में वर्तमान जिला अध्यक्ष सुशील शुक्ला के सेवानिवृत्ति पर जिला शाखा द्वारा उनका पुष्पहार से सम्मान किया गया
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) मध्य प्रदेश स्वास्थ्य कर्मचारी संघ जिला शाखा रतलाम के पदाधिकारी एवं सदस्यों की महत्वपूर्ण बैठक जिला चिकित्सालय शिव मंदिर प्रांगण में सम्पन्न हुई। बैठक में जिला शाखा की वर्तमान कार्यकारिणी का कार्यकाल समाप्त होने पर नई कार्यकारिणी गठित करने का निर्णय लिया गया।
संगठन के प्रांतीय अध्यक्ष एस.बी. सिंह की अनुमोदना तथा पूर्व प्रदेश उप प्रांतीय अध्यक्ष एवं संरक्षक राजेंद्र सिंह चौहान द्वारा, पूर्व जिला अध्यक्ष सुशील शुक्ला की सहमति से, सर्वसम्मति से रवि गुर्जर को नया जिला अध्यक्ष घोषित किया गया। संगठन ने आशा व्यक्त की कि जल्द ही नई जिला शाखा समिति का गठन कर संगठन को और मजबूत बनाने की दिशा में कार्य किया जाएगा।
बैठक में वर्तमान जिला अध्यक्ष सुशील शुक्ला के सेवानिवृत्ति पर जिला शाखा द्वारा उनका पुष्पहार से सम्मान किया गया। साथ ही 28 नवंबर को जिला चिकित्सालय परिसर में श्री शुक्ला के सेवानिवृत्ति समारोह के आयोजन की कार्ययोजना को अंतिम रूप दिया गया।
इस अवसर पर उपस्थित प्रमुख पदाधिकारियों राजेंद्र सिंह चौहान, रवीन्द्र सिंह तंवर, सुशील शुक्ला, अनिल राठौर, रवि गुर्जर, दुष्यंत पुरोहित, सूबेदार सिंह राजपुरोहित, बलदेव सोलंकी, संजय बेनावत, प्रमोद पाटीदार, अनुज, मांगीलाल जी आदि—ने पुष्पहार पहनाकर रवि गुर्जर का स्वागत किया और बधाई व शुभकामनाएं दीं।
What's Your Reaction?



