48 घंटे में करोड़ों की सराफा लूट का खुलासा : 6 आरोपी गिरफ्तार : 5.5 करोड़ का सोना-चांदी बरामद
रविवार को उज्जैन रेंज आईजी राकेश गुप्ता ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया। इस दौरान डीआईजी निमिष अग्रवाल और एसपी अमित कुमार भी मौजूद रहे।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) बिलपांक थाना क्षेत्र में सराफा व्यापारी अर्पित चौरड़िया से हुई करोड़ों रुपये की लूट का रतलाम पुलिस ने महज 48 घंटे में खुलासा कर दिया। पुलिस ने वारदात में शामिल छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि दो आरोपी अभी फरार हैं। आरोपियों के कब्जे से करीब 5.5 करोड़ रुपये कीमत के 4.167 किलोग्राम सोने और 4.047 किलोग्राम चांदी के जेवरात बरामद किए गए हैं।
रविवार को उज्जैन रेंज आईजी राकेश गुप्ता ने प्रेस वार्ता में मामले का खुलासा किया। इस दौरान डीआईजी निमिष अग्रवाल और एसपी अमित कुमार भी मौजूद रहे।
बस में सवार होकर दिया वारदात को अंजाम
पुलिस के मुताबिक अर्पित चौरड़िया रतलाम के गणेश मार्केट, चांदनी चौक में सोने-चांदी के आभूषणों का कारोबार करते हैं। 13 अगस्त की रात वे बड़नगर से व्यापारिक कार्य पूरा कर बीके यादव बस से रतलाम लौट रहे थे। हनुमान चौकी-उमरथाना फंटा क्षेत्र में रात करीब 9:15 से 9:30 बजे के बीच बड़नगर से बस में सवार हुए दो आरोपी व्यापारी के पास पहुंचे और बैग छीनने का प्रयास किया।
व्यापारी ने विरोध करते हुए शोर मचाया तो तीन अन्य आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की। इसके बाद आरोपी बैग लेकर फरार हो गए। बैग में बड़ी मात्रा में सोने-चांदी के आभूषण, नकदी और जरूरी दस्तावेज रखे थे।
300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले
घटना के बाद पुलिस ने जांच के लिए कई विशेष टीमें गठित कीं। टीमों ने घटनास्थल से लेकर बड़नगर तक विभिन्न मार्गों के 300 से अधिक CCTV फुटेज खंगाले। इसके साथ ही बस चालक, परिचालक और क्लीनर सहित अन्य लोगों के बयान लिए गए।
साइबर सेल ने तकनीकी और डिजिटल साक्ष्यों का विश्लेषण कर संदिग्धों की गतिविधियों की जानकारी जुटाई। मैदानी पुलिसिंग और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस आरोपियों तक पहुंची।
हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र से पकड़े गए आरोपी
पुलिस को 15 अगस्त को सूचना मिली कि वारदात में शामिल कुछ आरोपी हिम्मतगढ़ पहाड़ी क्षेत्र में मौजूद हैं और लूट का माल भी उनके पास है। सूचना के आधार पर पुलिस टीमों ने घेराबंदी कर छह संदिग्धों को हिरासत में लिया। पूछताछ और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर उनकी संलिप्तता सामने आने के बाद सभी को गिरफ्तार कर लिया गया।
238 नग सोने के जेवरात बरामद
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से सोने के 238 नग जेवरात, वजन 4.167 किलोग्राम और अनुमानित कीमत करीब 5.32 करोड़ रुपये तथा चांदी के 183 नग जेवरात, वजन 4.047 किलोग्राम और कीमत करीब 9 लाख रुपये बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार बरामद माल की कुल कीमत करीब 5.5 करोड़ रुपये है।
ये छह आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में राहुल पिता सोदान निवासी ग्राम ऊनी, थाना बिलपांक, अभिजीत उर्फ अभय पिता दिनेश निवासी ग्राम ऊनी, यशवंत पिता कैलाश निवासी बरगुंडा गली मंदसौर, राहुल उर्फ वीर पिता सुरेश निवासी रतलाम, रवि उर्फ बबला निवासी ग्राम जमुनिया तथा मोहम्मद उमर उर्फ पप्पू पिता इमाम बख्श निवासी आनंद कॉलोनी रतलाम को गिरफ्तार किया है।
वहीं रोहित नायक निवासी रामरहिम नगर रतलाम और गौरव गुर्जर निवासी हरसोला इंदौर फरार बताए गए हैं। पुलिस दोनों की तलाश में जुटी है।
पुलिस टीम को किया जाएगा पुरस्कृत
मामले के खुलासे में बिलपांक थाना, साइबर सेल, डीएसबी, बड़नगर पुलिस सहित बड़ी संख्या में पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों की भूमिका रही। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चुनौतीपूर्ण वारदात का कम समय में खुलासा करने वाली टीम को पुरस्कृत किया जाएगा।
जांच में साइबर एवं तकनीकी टीम के साथ-साथ बिलपांक, बड़नगर और डीएसबी की टीमों ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। अधिकारियों के अनुसार CCTV फुटेज, तकनीकी साक्ष्यों और मैदानी जांच के समन्वय से पुलिस को आरोपियों तक पहुंचने में सफलता मिली।
What's Your Reaction?



