मेट्रोपोलिटन योजना से जावरा का होगा सुनियोजित विकास: मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव : जावरा में 143 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन : विधानसभा क्षेत्र को मिली कई सौगातें
मुख्यमंत्री द्वारा जावरा विधानसभा क्षेत्र को दी गई इन विकास सौगातों पर डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
जावरा (प्रकाशभारत न्यूज़) मेट्रोपोलिटन योजना के माध्यम से जावरा का सुनियोजित और समग्र विकास सुनिश्चित किया जाएगा। मध्यप्रदेश सरकार विकास के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव जावरा में आयोजित भावांतर योजना के राशि अंतरण कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।
इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने रतलाम जिले में कुल 143 करोड़ रुपये की लागत से किए जा रहे विभिन्न विकास कार्यों का भूमिपूजन एवं लोकार्पण किया। इनमें जावरा विधानसभा क्षेत्र के 22 करोड़ 23 लाख रुपये के कार्य शामिल हैं।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री के साथ मध्यप्रदेश विधानसभा अध्यक्ष नरेन्द्र सिंह तोमर, उपमुख्यमंत्री जगदीश देवड़ा, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल, संगठन महामंत्री हितानंद शर्मा, कृषि मंत्री एदल सिंह कंषाना, सांसद सुधीर गुप्ता, बंशीलाल गुर्जर सहित रतलाम, मंदसौर एवं नीमच जिले के विधायकगण उपस्थित रहे।
इन कार्यों का हुआ लोकार्पण
कार्यक्रम के दौरान जावरा विधानसभा क्षेत्र में
33/11 केवी विद्युत उपकेंद्र कलालिया,
पिपलौदा नगर में नाका नंबर-1 से रोजड़ नदी तक सीसी रोड, डिवाइडर व स्ट्रीट लाइटिंग,
ग्राम सुजापुर पहाड़ी पर्यटन स्थल पर पेवर ब्लॉक, कुर्सियां एवं उद्यान निर्माण कार्यों का लोकार्पण किया गया।
इन विकास कार्यों का किया भूमिपूजन
मुख्यमंत्री ने जावरा नगर में रपट से पैलेस तक रिटर्निंग वॉल निर्माण,सूखा एवं गीला कचरा प्रसंस्करण केंद्र, ग्राम बानीखेड़ी से रामदेव मंदिर तक सड़क,रानीगांव से झांतला, बहादुरपुर खालसा से मौकाखेड़ा सड़क मार्ग,जावरा–सीतामऊ सड़क मार्ग पर मुख्य नाली निर्माण कार्यों का भूमिपूजन भी किया।
जावरा को जिला बनाने की मांग
कार्यक्रम में जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने अतिथियों का स्वागत करते हुए जावरा को जिला बनाए जाने की प्रमुख मांग रखी एवं विधानसभा क्षेत्र के विकास कार्यों से संबंधित स्वीकृति पत्र मुख्यमंत्री को सौंपा। इस पर मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि प्रदेश में परिसीमन आयोग गठित किया गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद इस विषय पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
नई घोषणाएं
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विधायक डॉ. पांडेय के आग्रह पर जावरा नगर में आउटडोर व इंडोर स्टेडियम, सुजापुर एवं ढोढर में बालिका छात्रावास,पिपलौदा में दिव्यांग छात्रावास,जावरा नगर में वन स्टॉप सेंटर भवन,महात्मा गांधी हायर सेकेंडरी स्कूल एवं कमला नेहरू कन्या हायर सेकेंडरी स्कूल के जीर्णोद्धार हेतु प्रत्येक के लिए 2-2 करोड़ रुपये की राशि स्वीकृत करने की घोषणा की।
मुख्यमंत्री द्वारा जावरा विधानसभा क्षेत्र को दी गई इन विकास सौगातों पर विषयक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने मुख्यमंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया।
What's Your Reaction?

