बिना अनुमति चल रहा ‘ड्रीम वर्ल्ड मेला’ : 80 फीट रोड पर सुरक्षा नियमों की अनदेखी : निगम ने दिया नोटिस : 3 दिन में जवाब नहीं तो होगी कार्रवाई
निगम के अनुसार मेले में इलेक्ट्रिकल झूले, दुकाने, बच्चों के गेम्स सहित कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जहां प्रतिदिन हजारों नागरिकों की आवाजाही हो रही है। बावजूद इसके मेले के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं पाए गए।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर के 80 फीट रोड पर लगे “ड्रीम वर्ल्ड मेला” पर अब नगर निगम ने सख्त रुख अपनाया है। बिना अनुमति मेला संचालन, सुरक्षा इंतजामों की कमी और निगम नियमों के उल्लंघन को लेकर निगम ने मेला संचालक अक्षय पालीवाल को नोटिस जारी किया है। राजस्व अधिकारी राजेंद्र सिंह पंवार द्वारा जारी नोटिस में 3 दिवस के भीतर जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।
निगम के अनुसार मेले में इलेक्ट्रिकल झूले, दुकाने, बच्चों के गेम्स सहित कई गतिविधियां संचालित की जा रही हैं, जहां प्रतिदिन हजारों नागरिकों की आवाजाही हो रही है। बावजूद इसके मेले के लिए आवश्यक अनुमति नहीं ली गई और सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम भी नहीं पाए गए।
नगर निगम ने नोटिस में मेला संचालक से कई गंभीर बिंदुओं पर जवाब मांगा है। इनमें इलेक्ट्रिकल झूलों की इलेक्ट्रिकल ऑडिट रिपोर्ट, अग्नि सुरक्षा उपकरणों की जानकारी एवं फायर ऑडिट रिपोर्ट, मनोरंजन कर जमा करने की स्थिति, कचरा निष्पादन व्यवस्था और पार्किंग के कारण बाधित हो रहे यातायात पर स्पष्टीकरण शामिल है।
निगम ने स्पष्ट कहा है कि यदि 3 दिवस में जवाब प्रस्तुत नहीं किया गया तो नगर पालिक निगम अधिनियम 1956 के तहत वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। जानकारी के मुताबिक अब तक मेला संचालक द्वारा नोटिस का कोई जवाब नहीं दिया गया है।
गौरतलब है कि ड्रीम वर्ल्ड मेला पूर्व में भी शहर में लगता रहा है और हर बार यातायात अव्यवस्था एवं सुरक्षा व्यवस्थाओं को लेकर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि बिना पर्याप्त सुरक्षा इंतजामों के संचालित हो रहा यह मेला कभी भी बड़े हादसे का कारण बन सकता है। लगातार मिल रही शिकायतों के बाद निगम की यह कार्रवाई चर्चा का विषय बनी हुई है।
अब देखने वाली बात यह होगी कि नगर निगम इस बार वास्तव में सख्त कार्रवाई करता है या फिर मामला हर बार की तरह कागजों तक सीमित रह जाएगा।
What's Your Reaction?





