डी. पी. आभूषण का शानदार वित्तीय प्रदर्शन : चौथी तिमाही में मुनाफा दोगुना, सालाना लाभ ₹211 करोड़ के पार
पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 की बात करें तो कंपनी का शुद्ध लाभ 87.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹211.84 करोड़ पहुंच गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह ₹112.70 करोड़ था। कंपनी ने एक वर्ष में करीब ₹99 करोड़ का अतिरिक्त लाभ अर्जित किया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) डी. पी. आभूषण लिमिटेड (NSE: DPABHUSHAN, BSE: 544161) ने वित्तीय वर्ष 2025-26 की चौथी तिमाही और पूरे साल के वित्तीय परिणाम घोषित करते हुए शानदार प्रदर्शन दर्ज किया है। कंपनी ने सभी प्रमुख वित्तीय मानकों पर रिकॉर्ड वृद्धि हासिल करते हुए निवेशकों और बाजार को प्रभावित किया है।
31 मार्च 2026 को समाप्त चौथी तिमाही (Q4 FY2025-26) में कंपनी का शुद्ध लाभ बढ़कर ₹50.60 करोड़ पहुंच गया, जो पिछले वित्तीय वर्ष की समान तिमाही के ₹25.15 करोड़ की तुलना में लगभग 101.2 प्रतिशत अधिक है। कंपनी का कुल राजस्व भी उल्लेखनीय रूप से बढ़कर ₹1,334.73 करोड़ हो गया, जबकि पिछले वर्ष इसी अवधि में यह ₹717.24 करोड़ था। इस तरह कंपनी ने राजस्व में 86.1 प्रतिशत की जबरदस्त वृद्धि दर्ज की।
पूरे वित्तीय वर्ष 2025-26 की बात करें तो कंपनी का शुद्ध लाभ 87.9 प्रतिशत की बढ़ोतरी के साथ ₹211.84 करोड़ पहुंच गया, जबकि वित्तीय वर्ष 2024-25 में यह ₹112.70 करोड़ था। कंपनी ने एक वर्ष में करीब ₹99 करोड़ का अतिरिक्त लाभ अर्जित किया। वहीं, वार्षिक कुल राजस्व ₹4,065.13 करोड़ रहा, जो पिछले वित्तीय वर्ष के ₹3,310.79 करोड़ की तुलना में 22.8 प्रतिशत अधिक है।
कंपनी ने अपने रिटेल विस्तार को भी गति दी है। चौथी तिमाही के दौरान मध्यप्रदेश के धार में नया शोरूम शुरू किया गया, जिसके बाद मध्य भारत में कंपनी के कुल शोरूम की संख्या बढ़कर 12 हो गई है।
कंपनी के पूर्णकालिक निदेशक अनिल कटारिया ने कहा कि यह कंपनी के लिए बेहद गौरवपूर्ण वर्ष रहा है। उन्होंने कहा कि एक ही तिमाही में शुद्ध लाभ दोगुना होना और वार्षिक लाभ में लगभग 88 प्रतिशत की वृद्धि ग्राहकों के विश्वास और टीम की मेहनत का परिणाम है।
उन्होंने कहा कि 86 वर्षों की विरासत के साथ कंपनी गुणवत्ता और बेहतर ग्राहक अनुभव देने के लिए प्रतिबद्ध है तथा मध्य भारत में विस्तार की रणनीति भविष्य की संभावनाओं को और मजबूत करेगी।
What's Your Reaction?



