रेवास में वृद्धा की संदिग्ध मौत, लूट के बाद हत्या की आशंका : पुलिस जुटी जांच में

परिजनों के अनुसार तुलसीबाई कानों में करीब डेढ़ तोला सोने की बालियां पहनती थीं, जो घटना के बाद गायब मिलीं। इससे परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात बदमाश लूट की नीयत से खेत पर पहुंचे होंगे और पहचान उजागर होने के डर से महिला की हत्या कर दी।

May 22, 2026 - 10:08
 0
रेवास में वृद्धा की संदिग्ध मौत, लूट के बाद हत्या की आशंका : पुलिस जुटी जांच में

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले के बड़ावदा थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम रेवास में गुरुवार शाम खेत पर काम करने गई एक वृद्ध महिला मृत अवस्था में मिलने से सनसनी फैल गई। महिला के कानों से सोने की बालियां गायब मिलने के बाद परिजनों ने लूट के दौरान हत्या की आशंका जताई है। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार ग्राम रेवास निवासी 70 वर्षीय तुलसीबाई पति रतनलाल राठौर रोजाना की तरह गुरुवार को खेत पर कृषि कार्य करने गई थीं। मृतका के पुत्र अनोखीलाल राठौर, जो ग्राम पंचायत राजाखेड़ी में सचिव हैं, ने बताया कि दोपहर करीब 2 बजे उनका बेटा खेत पर चाय देने पहुंचा था। उस समय तुलसीबाई खेत पर बैठी हुई थीं और पूरी तरह सामान्य थीं।

शाम करीब 5 बजे जब परिवार के सदस्य दोबारा खेत पहुंचे तो तुलसीबाई खेत में औंधे मुंह पड़ी मिलीं। पास जाकर देखा तो उनकी मौत हो चुकी थी। घटना की खबर फैलते ही गांव में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर एएसपी विवेक कुमार ने भी घटनास्थल का निरीक्षण किया।

परिजनों के अनुसार तुलसीबाई कानों में करीब डेढ़ तोला सोने की बालियां पहनती थीं, जो घटना के बाद गायब मिलीं। इससे परिजनों ने आशंका जताई है कि अज्ञात बदमाश लूट की नीयत से खेत पर पहुंचे होंगे और पहचान उजागर होने के डर से महिला की हत्या कर दी।

सरसी चौकी प्रभारी शिवेंद्र कुमार ने बताया कि महिला के पैरों में घुटनों के नीचे चोट के निशान मिले हैं। शरीर पर अन्य गंभीर चोटें नहीं पाई गई हैं, हालांकि आंखों के पास खून के निशान मिले हैं। कानों से बालियां गायब हैं, लेकिन कान कटे या फटे नहीं हैं।

पुलिस ने मर्ग कायम कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर मामले की जांच में जुटी हुई है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.