नामली में कांग्रेस का दो दिवसीय प्रशिक्षण शिविर संपन्न : संगठन सृजन शिविर से कांग्रेस ने भरी चुनावी हुंकार : बूथ स्तर तक मजबूती का दिया मंत्र
शिविर की विशेषता यह रही कि इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी संजय दत्त सहित प्रदेश और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) आगामी राजनीतिक चुनौतियों और चुनावी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिला कांग्रेस कमेटी रतलाम द्वारा संगठन सृजन अभियान के तहत नामली स्थित अर्चला रिसॉर्ट में आयोजित दो दिवसीय जिला स्तरीय प्रशिक्षण शिविर का गुरुवार को सफल समापन हुआ। शिविर में कांग्रेस नेताओं ने कार्यकर्ताओं को संगठन विस्तार, बूथ प्रबंधन, जनसंपर्क और चुनावी रणनीति के गुर सिखाते हुए पार्टी को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने का आह्वान किया।
प्रशिक्षण शिविर में जिले के सभी ब्लॉक अध्यक्ष, मंडलम अध्यक्ष, नगर अध्यक्ष, समन्वय समिति के सदस्य तथा चयनित पदाधिकारियों ने सहभागिता की। शिविर के मुख्य सूत्रधार प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष एवं प्रशिक्षण प्रभारी महेंद्र जोशी रहे, जिनके निर्देशन में पूरे आयोजन की रूपरेखा तैयार की गई।
शिविर की विशेषता यह रही कि इसमें अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के मध्य प्रदेश प्रभारी हरीश चौधरी, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, राष्ट्रीय सचिव एवं सह प्रभारी संजय दत्त सहित प्रदेश और जिला स्तर के वरिष्ठ नेताओं ने भाग लिया। नेताओं ने कार्यकर्ताओं को आगामी चुनावों के लिए तैयार रहने, संगठन को बूथ स्तर तक सशक्त बनाने तथा जनता के मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाने का संदेश दिया।
शिविर के दौरान कांग्रेस की विचारधारा, संगठनात्मक ढांचे की मजबूती, डिजिटल एवं जमीनी चुनाव प्रबंधन, सेक्टर और मंडलम स्तर की सक्रियता तथा भाजपा सरकार की नीतियों के खिलाफ जनजागरण जैसे विषयों पर विस्तार से प्रशिक्षण दिया गया। नेताओं ने कहा कि दक्ष, प्रशिक्षित और समर्पित कार्यकर्ता ही कांग्रेस की सबसे बड़ी ताकत हैं।
इस दौरान जिला एवं शहर कांग्रेस की समन्वय समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में हरीश चौधरी ने कहा कि कांग्रेस को प्रत्येक बूथ पर मजबूत करना होगा, क्योंकि बूथ का कार्यकर्ता ही पार्टी की वास्तविक शक्ति है। प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी ने सभी नेताओं और कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर संगठन को मजबूत करने तथा बूथ स्तर तक सक्रियता बढ़ाने का आह्वान किया।
जिला कांग्रेस प्रभारी रामवीर सिकरवार एवं शहर कांग्रेस प्रभारी राजा चौकसे ने कहा कि अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी एवं प्रदेश कांग्रेस कमेटी से प्राप्त निर्देशों का पूरी निष्ठा और अनुशासन के साथ पालन सुनिश्चित किया जाएगा।
बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष हर्ष विजय गेहलोत, शहर कांग्रेस अध्यक्ष शांतिलाल वर्मा सहित जिले और शहर के वरिष्ठ कांग्रेस नेता उपस्थित रहे।
What's Your Reaction?



