हुसैन टेकरी से अगवा 6 माह का मासूम 24 घंटे में बरामद : शिवपुरी से मिला मासूम सयान : राजस्थान गिरोह के तीन आरोपी गिरफ्तार
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन शिवपुरी में मिली। इसके बाद शिवपुरी पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से अपहृत बालक सयान को सकुशल बरामद कर लिया गया।
जावरा/रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) हुसैन टेकरी से 6 माह के मासूम बच्चे के अपहरण की सनसनीखेज वारदात का खुलासा करते हुए औद्योगिक क्षेत्र थाना पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर बच्चे को सकुशल बरामद कर लिया। मामले में राजस्थान के एक संगठित गिरोह से जुड़े दो वयस्क आरोपियों और एक विधि-विरुद्ध किशोर को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल एवं नगर पुलिस अधीक्षक जावरा युवराज सिंह चौहान के मार्गदर्शन में पुलिस टीम ने यह उल्लेखनीय सफलता हासिल की।
पुलिस के अनुसार फरियादी साहिल अपने परिवार के साथ पिछले 15 दिनों से हुसैन टेकरी जावरा में रुका हुआ था। 4-5 जून की रात वह अपने परिवार और रिश्तेदारों के साथ चिराग गेस्ट हाउस के पास एक दुकान के बाहर सो रहा था। उसी स्थान पर एक अज्ञात महिला, पुरुष और एक बच्चा भी आकर सो गए थे। सुबह करीब 4:30 बजे उसकी नींद खुली तो उसका 6 माह का पुत्र सयान गायब था। साथ ही पास में सो रहे अज्ञात लोग भी वहां से लापता थे। इसके बाद थाना औद्योगिक क्षेत्र में अपहरण का मामला दर्ज किया गया।
200 से अधिक सीसीटीवी कैमरे खंगाले
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक ने तत्काल विशेष टीम गठित की। थाना प्रभारी निरीक्षक प्रकाश गाडरिया के नेतृत्व में टीम ने तकनीकी विश्लेषण, साइबर इनपुट, भौतिक साक्ष्य और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की। जांच के दौरान पुलिस ने 200 से अधिक सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले और संदिग्धों की पहचान कर उनके मूवमेंट को ट्रैक किया।
तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की लोकेशन शिवपुरी में मिली। इसके बाद शिवपुरी पुलिस के सहयोग से दबिश देकर आरोपियों को गिरफ्तार किया गया और उनके कब्जे से अपहृत बालक सयान को सकुशल बरामद कर लिया गया।
ये आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने मामले में निजाम मंसूरी (34) निवासी अकलेरा, जिला झालावाड़ (राजस्थान), रुपाबाई (32) निवासी झालावाड़ (राजस्थान) तथा एक विधि-विरुद्ध किशोर बालक को गिरफ्तार किया है।
मानव तस्करी के एंगल पर भी जांच
पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर रही है। अपहरण के पीछे का उद्देश्य, संभावित मानव तस्करी से जुड़े पहलू तथा गिरोह के अन्य सदस्यों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है। आरोपियों को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लेने की कार्रवाई की जाएगी।
इन अधिकारियों और जवानों की रही अहम भूमिका
मामले के खुलासे में उपनिरीक्षक जीवन बारिया, प्रधान आरक्षक मनमोहन शर्मा, हिम्मत सिंह, आरक्षक विपुल भावसार और तुषार सिसोदिया की तकनीकी विश्लेषण एवं ट्रैकिंग में विशेष भूमिका रही। वहीं नगर पुलिस अधीक्षक युवराज सिंह चौहान, थाना प्रभारी प्रकाश गाडरिया, निरीक्षक दीपक मंडलोई सहित पुलिस टीम के अन्य अधिकारियों एवं कर्मचारियों का भी सराहनीय योगदान रहा।
What's Your Reaction?



