विधानसभा में विधायक डॉ. राजेंद्र पांडेय ने उठाया अतिवृष्टि से फसल नुकसान और बांछड़ा समाज के उत्थान का मुद्दा
इसके साथ ही विधायक डॉ. पांडेय ने क्षेत्र के बांछड़ा समाज के उत्थान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों के कारण अन्य वर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और आपराधिक घटनाएं भी सामने आती हैं।
भोपाल (प्रकाशभारत न्यूज़) जावरा विधायक डॉ. राजेन्द्र पांडेय ने विधानसभा के बजट सत्र में क्षेत्र के किसानों और बांछड़ा समाज से जुड़े अहम मुद्दों को प्रभावी ढंग से उठाया।
विधायक डॉ. पांडेय ने हाल ही में क्षेत्र में हुई बेमौसम तेज वर्षा और आंधी से फसलों को हुए नुकसान का विषय सदन में रखा। उन्होंने कहा कि डॉ. मोहन यादव किसानों के प्रति संवेदनशील हैं और पूर्व में भी प्राकृतिक आपदा के समय स्वयं क्षेत्र में पहुंचकर स्थिति का जायजा ले चुके हैं। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि पहली बार अतिवृष्टि क्षतिपूर्ति के साथ पीले मोजेक रोग को भी राहत सूची में शामिल कर किसानों को सहायता दी गई थी।
डॉ. पांडेय ने मांग की कि हालिया वर्षा से प्रभावित फसलों का तत्काल सर्वे कराया जाए और प्रभावित किसानों को शीघ्र मुआवजा प्रदान किया जाए। प्रभावित क्षेत्रों में प्रशासनिक अमले को मौके पर भेजकर वास्तविक स्थिति का आंकलन करने की बात भी उन्होंने कही।
इस पर राजस्व मंत्री करण सिंह वर्मा ने सदन में जवाब देते हुए कहा कि सर्वे के निर्देश जारी कर दिए गए हैं। सर्वे रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार मुआवजा सुनिश्चित किया जाएगा।
इसके साथ ही विधायक डॉ. पांडेय ने क्षेत्र के बांछड़ा समाज के उत्थान का मुद्दा भी प्रमुखता से उठाया। उन्होंने कहा कि समाज में व्याप्त कुरीतियों के कारण अन्य वर्गों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है और आपराधिक घटनाएं भी सामने आती हैं। समाज के बच्चों की शिक्षा के लिए ढोढर और चिकलाना में छात्रावास स्वीकृत किए जाने की मांग उन्होंने की।
इस विषय पर अनुसूचित जाति मंत्री नागर सिंह चौहान ने जानकारी दी कि बांछड़ा समाज के लिए जाति प्रमाण पत्र बनाए जा रहे हैं और अब तक 107 प्रमाण पत्र जारी किए जा चुके हैं। साथ ही, एनजीओ तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के समन्वय से ‘जाबाली योजना’ के तहत समाज में व्याप्त कुरीतियों को समाप्त करने और शिक्षा व रोजगार से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?

