प्रेम संबंध का पति को चला पता तो पत्नी और प्रेमी ने रची हत्या की साजिश : घर में वारदात के बाद नाले में फेंका शव : पत्नी सहित 3 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घर में सो रहे भीमसिंह को निशाना बनाया। ललिता ने पति पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जबकि प्रेमी राकेश ने उसके पैर पकड़े। तीसरा आरोपी भूरा बाहर निगरानी कर रहा था, ताकि किसी के आने की भनक लग सके।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) सरवन थाना क्षेत्र के ग्राम बोरदा में हुई हत्या के मामले का पुलिस ने 72 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए मृतक की पत्नी समेत तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की पत्नी के एक युवक से प्रेम संबंध थे और इसकी जानकारी पति को हो जाने के बाद हत्या की साजिश रची गई। पुलिस ने मामले में करीब दो लाख रुपए का मश्रुका भी जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक, 2 सितंबर 2026 को ग्राम बोरदा में एक व्यक्ति की हत्या की सूचना मिली थी। सूचना पर सरवन थाना पुलिस चौकी बेंडदा से मौके पर पहुंची और मृतक की पहचान भीमसिंह चरपोटा पिता मनोहर चरपोटा के रूप में की। मामले में थाना सरवन में अपराध क्रमांक 323/26 के तहत धारा 103(1) बीएनएस में प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की गई।
दो दिन की तलाश के बाद खेत से मिली पत्नी
जांच के दौरान पुलिस को पता चला कि मृतक की पत्नी ललिता घटना के बाद से फरार थी। पुलिस ने उसकी तलाश शुरू की और लगातार दो दिन की पतासाजी के बाद उसे गांव गुडभैली स्थित एक खेत से दस्तयाब किया।
पूछताछ के दौरान पुलिस के अनुसार ललिता ने बताया कि करीब एक महीने पहले उसके और राकेश के प्रेम संबंधों की जानकारी पति भीमसिंह को हो गई थी। इसके बाद दोनों ने भीमा की हत्या की योजना बनाई। पुलिस के मुताबिक, आरोपियों ने पहले जंगल में हत्या करने की योजना बनाई, लेकिन वहां मौका नहीं मिल सका।
घर में सोते समय हमला, साथी ने पकड़े पैर
पुलिस के अनुसार आरोपियों ने घर में सो रहे भीमा को निशाना बनाया। ललिता ने पति पर कुल्हाड़ी से हमला किया, जबकि प्रेमी राकेश ने उसके पैर पकड़े। तीसरा आरोपी भूरा बाहर निगरानी कर रहा था, ताकि किसी के आने की भनक लग सके।
वारदात के बाद शव को घर में ही बकरी बांधने वाले स्थान पर रख दिया गया। पुलिस के मुताबिक, घटना के साक्ष्य मिटाने के लिए घर में जहां खून गिरा था, उस स्थान को गोबर से लीप दिया गया।
रात 11 बजे शव को नाले में फेंका
पुलिस के अनुसार, उसी रात करीब 11 बजे राकेश और भूरा दोबारा भीमा के घर पहुंचे। दोनों ने शव को घर से बाहर निकाला और पास के नाले में ले जाकर फेंक दिया। मामले की जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर विभिन्न सामान और साक्ष्य बरामद किए।
पुलिस ने मृतक का चांदी का कड़ा, सोने की बाली, चांदी की पैर की कड़ियां, एयरटेल सिम, घटना के दौरान आरोपियों द्वारा पहने गए कपड़े और दो आरोपियों के एंड्रॉयड मोबाइल फोन जब्त किए हैं। जब्त मश्रुका की कुल कीमत करीब दो लाख रुपए बताई गई है।
पुलिस ने मामले में तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है और प्रकरण में आगे की विवेचना जारी है। कार्रवाई पुलिस अधीक्षक रतलाम अमित कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पेंद्रो एवं विवेक कुमार लाल तथा एसडीओपी सैलाना नीलम बघेल के मार्गदर्शन में की गई।
What's Your Reaction?



