36 घंटे में अंधे कत्ल का खुलासा : पुरानी रंजिश में हुई थी युवक की हत्या : आरोपी गिरफ्तार
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब छह माह पहले मृतक द्वारा आरोपी की कथित भाभी के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। बताया गया कि मृतक इस घटना का गांव में बार-बार जिक्र करता था
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) बड़ावदा थाना पुलिस ने हत्या के एक सनसनीखेज मामले का महज 36 घंटे में खुलासा करते हुए 19 वर्षीय आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त धारदार चाकू भी बरामद किया है। प्रारंभिक जांच में हत्या के पीछे छह माह पुराने छेड़छाड़ प्रकरण की रंजिश सामने आई है।
पुलिस के अनुसार 4 अगस्त 2026 को चौकी हाटपिपलिया अंतर्गत ग्राम सिंदुरकिया के मिडिल स्कूल के पास बापूसिंह की पड़त भूमि पर एक युवक का शव मिलने की सूचना मिली थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव की पहचान शहनवाज उर्फ साहिल पिता शहजाद शाह, निवासी सिंदुरकिया के रूप में की। घटनास्थल के निरीक्षण में युवक की धारदार हथियार से हत्या किए जाने के संकेत मिले। इसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए जावरा भेजकर हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई।
पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन और अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार लाल के मार्गदर्शन में एसडीओपी जावरा संदीप मालवीय एवं एसडीओपी आलोट पल्लवी गौर के नेतृत्व में विशेष टीमों का गठन किया गया। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले, साइबर तकनीकी साक्ष्यों का विश्लेषण किया तथा स्थानीय लोगों और संदिग्धों से लगातार पूछताछ की। मुखबिर तंत्र से मिली सूचनाओं और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर पुलिस ने आरोपी की पहचान कर उसे घटना के लगभग 36 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ में आरोपी ईश्वर उर्फ छोटू पिता रामचन्द्र आद्रा (19), निवासी ग्राम सिंदुरकिया ने हत्या करना स्वीकार किया। उसकी निशानदेही पर वारदात में प्रयुक्त चाकू भी बरामद कर लिया गया।
छह माह पुरानी रंजिश बनी हत्या की वजह
पुलिस जांच में सामने आया कि करीब छह माह पहले मृतक द्वारा आरोपी की कथित भाभी के साथ छेड़छाड़ का मामला दर्ज हुआ था, जो वर्तमान में न्यायालय में विचाराधीन है। बताया गया कि मृतक इस घटना का गांव में बार-बार जिक्र करता था, जिससे आरोपी नाराज रहता था। घटना वाले दिन भी इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हुआ और गुस्से में आरोपी ने चाकू से कई वार कर शहनवाज उर्फ साहिल की हत्या कर दी।
What's Your Reaction?



