पंचेड़-इसरथूनी से नामली तक आबकारी की दबिश : 5 हजार की अवैध मदिरा जब्त : तीन मामलों में केस दर्ज
जिला रतलाम एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मंडलोई के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रकाश केरवार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में अवैध मदिरा के कारोबार पर अंकुश लगाने के लिए आबकारी विभाग की कार्रवाई लगातार जारी है। इसी क्रम में शुक्रवार 6 नवंबर को आबकारी विभाग की टीम ने पंचेड़, इसरथूनी एवं नामली क्षेत्र के शगुन ढाबा सहित ग्रामीण इलाकों में अवैध मदिरा विक्रेताओं के ठिकानों पर दबिश देकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान अवैध मदिरा जब्त करते हुए तीन प्रकरण दर्ज किए गए।
जिला रतलाम एवं सहायक आबकारी आयुक्त श्री विकास मंडलोई के मार्गदर्शन तथा सहायक जिला आबकारी अधिकारी प्रकाश केरवार के नेतृत्व में गठित टीम ने यह कार्रवाई की। रतलाम परगना के आबकारी उपनिरीक्षक अर्पित पाण्डेय के निर्देशन में टीम ने अवैध रूप से मदिरा का विक्रय करने वालों के यहां विधिवत तलाशी ली। इस दौरान मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(क) के तहत तीन प्रकरण पंजीबद्ध किए गए। जब्त मदिरा की अनुमानित कीमत करीब 5 हजार रुपये बताई गई है।
कार्रवाई में प्रधान आरक्षक संतोष नेका, भावना खोड़े एवं नगर सैनिक चेतराम मालवीय शामिल रहे। आबकारी विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, परिवहन एवं विक्रय के विरुद्ध अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
What's Your Reaction?







