धराड़-नयाखेड़ा मार्ग पर कुएं में मिला 10-15 दिन पुराना अज्ञात शव : मृतक की पहचान में जुटी पुलिस
शव करीब 10 से 15 दिन पुराना होने का अनुमान है। उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि बाहर निकालने के दौरान शरीर बिखरने लगा। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने विशेष सावधानी बरतते हुए शव को बाहर निकाला।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) धराड़-नयाखेड़ा मार्ग पर सड़क किनारे स्थित एक कुएं में शुक्रवार शाम अज्ञात व्यक्ति का शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। शव करीब 10 से 15 दिन पुराना होने का अनुमान है। उसकी हालत इतनी खराब हो चुकी थी कि बाहर निकालने के दौरान शरीर बिखरने लगा। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम ने विशेष सावधानी बरतते हुए शव को बाहर निकाला। बाद में उसे प्लास्टिक में लपेटकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेजा गया। देर रात तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।
जानकारी के अनुसार, शुक्रवार शाम करीब 5 बजे धराड़ और नयाखेड़ा के बीच सड़क किनारे स्थित कुएं से तेज बदबू आने पर पास के खेत में मौजूद एक व्यक्ति को संदेह हुआ। उसने आसपास के खेत मालिकों को इसकी जानकारी दी। कुएं में देखने पर अंदर एक शव नजर आया। इसके बाद बिलपांक थाना पुलिस को सूचना दी गई।
शव निकालने में आई परेशानी, खाट और प्लास्टिक की ली मदद
सूचना मिलते ही बिलपांक थाना प्रभारी अयूब खान पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। शव को बाहर निकालने के लिए एसडीआरएफ की टीम बुलाई गई। शव काफी पुराना होने के कारण उसकी स्थिति बेहद खराब हो चुकी थी। उसे पकड़कर बाहर निकालने की कोशिश के दौरान शरीर बिखरने लगा, जिससे रेस्क्यू में सावधानी बरतनी पड़ी।
इसके बाद खाट पर प्लास्टिक बिछाकर विशेष तरीके से शव को बाहर निकालने की व्यवस्था की गई। प्लास्टिक को शव के नीचे पहुंचाकर खाट की मदद से उसे सावधानीपूर्वक कुएं से बाहर निकाला गया। फिर शव को प्लास्टिक में लपेटकर पोस्टमार्टम के लिए मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया।
कपड़ों से भी नहीं हो सकी पहचान, गुमशुदगी के रिकॉर्ड खंगाल रही पुलिस
शव की हालत खराब होने के कारण मौके पर मौजूद आसपास के गांवों के लोग कपड़ों के आधार पर भी मृतक की पहचान नहीं कर सके। पुलिस के प्रारंभिक अनुमान के अनुसार, शव करीब 10 से 15 दिन पुराना है।
थाना प्रभारी अयूब खान ने बताया कि मृतक की पहचान के लिए बिलपांक थाना क्षेत्र सहित आसपास के थानों में दर्ज गुमशुदगी के मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। फिलहाल मृतक की पहचान करने और मौत के कारणों का पता लगाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
What's Your Reaction?



