रतलाम में अंडर-16 इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट संपन्न : श्री सज्जन टाइगर बनी विजेता : खिलाड़ियों का हुआ सम्मान
इस अवसर पर महापौर प्रह्लाद पटेल ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर के श्री सज्जन क्लब द्वारा आयोजित चार दिवसीय अंडर-16 इंटर क्लब क्रिकेट टूर्नामेंट का उत्साहपूर्ण समापन हुआ। प्रतियोगिता में युवा खिलाड़ियों ने खेल भावना, अनुशासन और टीम वर्क का शानदार प्रदर्शन करते हुए दर्शकों का दिल जीत लिया।
टूर्नामेंट का फाइनल मुकाबला श्री सज्जन टाइगर और श्री सज्जन चीता टीम के बीच खेला गया। रोमांचक मुकाबले में शानदार प्रदर्शन करते हुए श्री सज्जन टाइगर टीम ने खिताब अपने नाम किया। प्रतियोगिता में श्री सज्जन पैंथर और श्री सज्जन लॉयंस टीमों ने भी भाग लिया।
फाइनल मैच एवं पुरस्कार वितरण समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में रतलाम महापौर प्रह्लाद पटेल उपस्थित रहे। वहीं विशिष्ट अतिथि के रूप में मध्यप्रदेश भाजपा खेल प्रकोष्ठ के यतेंद्र भारद्वाज मौजूद रहे। अतिथियों ने विजेता एवं उपविजेता टीमों सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को ट्रॉफी और पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया।
इस अवसर पर महापौर प्रह्लाद पटेल ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और खेल भावना विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने क्लब में बालिका क्रिकेट टीम को देखकर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि रतलाम की बेटियां अब खेलों में नई पहचान बना रही हैं और भविष्य में प्रदेश एवं देश स्तर पर शहर का नाम रोशन करेंगी।
प्रतियोगिता में प्लेयर ऑफ द लीग का पुरस्कार सार्थक धाकड़ को मिला। वहीं बेस्ट बैटर दिव्यांश गौड़, बेस्ट बॉलर राघव पाटीदार, बेस्ट फील्डर विधान सिंह चावड़ा और बेस्ट ऑलराउंडर चिराग सिंह सोलंकी रहे। प्रत्येक मैच के प्लेयर ऑफ द मैच पुरस्कार सार्थक धाकड़, चित्रांश कुशवाहा, चिराग सोलंकी, इरफान, विधान और काव्यांश टेलर को प्रदान किए गए।
क्लब के अध्यक्ष एवं संचालक दिग्विजय सिंह राठौर ने बताया कि क्लब द्वारा वर्तमान में ग्रीष्मकालीन क्रिकेट प्रशिक्षण शिविर भी संचालित किया जा रहा है। इस वर्ष बालिकाओं ने क्रिकेट के प्रति विशेष रुचि दिखाई है और लगभग 20 बालिकाएं निःशुल्क प्रशिक्षण प्राप्त कर रही हैं। क्लब में अब तक 150 से अधिक खिलाड़ियों का पंजीयन हो चुका है तथा रतलाम सहित आसपास के क्षेत्रों से खिलाड़ी नियमित प्रशिक्षण लेने पहुंच रहे हैं।
क्लब के कोषाध्यक्ष अजय मालाकार ने बताया कि प्रतियोगिता लीग प्रणाली के तहत आयोजित की गई थी, जिसमें सभी टीमों ने एक-दूसरे के खिलाफ मुकाबले खेले। इसके बाद शीर्ष दो टीमों के बीच फाइनल मैच आयोजित हुआ। उन्होंने कहा कि सभी खिलाड़ियों ने हार-जीत से ऊपर उठकर खेल भावना का परिचय दिया और यही इस आयोजन की सबसे बड़ी सफलता रही।
What's Your Reaction?





