आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में रतलाम केंद्र पर संदिग्ध खेल: रतलाम पब्लिक स्कूल जांच के घेरे में, 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

सभी अभ्यर्थी रतलाम स्थित रतलाम पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय को पहली बार परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

Mar 3, 2026 - 11:48
 0
आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा में रतलाम केंद्र पर संदिग्ध खेल: रतलाम पब्लिक स्कूल जांच के घेरे में, 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज

रतलाम, 3 मार्च (प्रकाशभारत न्यूज़)  मध्यप्रदेश कर्मचारी चयन मंडल (ईएसबी) द्वारा आयोजित आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा–2024 में रतलाम परीक्षा केंद्र से शामिल हुए 12 अभ्यर्थियों के खिलाफ मंडल ने एफआईआर दर्ज कराई है। सभी अभ्यर्थी रतलाम स्थित रतलाम पब्लिक स्कूल परीक्षा केंद्र पर परीक्षा में सम्मिलित हुए थे। उल्लेखनीय है कि इस विद्यालय को पहली बार परीक्षा केंद्र बनाया गया था।

असामान्य तेजी से हल किए 100 प्रश्न

तकनीकी जांच में पाया गया कि संबंधित अभ्यर्थियों ने दो घंटे की कंप्यूटर आधारित परीक्षा में अत्यंत असामान्य गति से प्रश्न हल किए। कुछ अभ्यर्थियों ने मात्र 15 से 30 मिनट के भीतर ही 100 प्रश्नों के उत्तर दर्ज कर दिए। इसके बाद शेष समय वे निष्क्रिय बैठे रहे। परीक्षा लॉग में सामान्य स्क्रीन मूवमेंट, प्रश्नों के बीच नेविगेशन या रफ वर्क के संकेत भी नहीं मिले, जिससे संदेह गहरा गया।

रिजल्ट से पहले डेटा विश्लेषण में खुलासा

मंडल ने 5 फरवरी को परिणाम घोषित करने से पहले उच्च पर्सेंटाइल प्राप्त करने वाले अभ्यर्थियों का विशेष तकनीकी विश्लेषण कराया। जांच में सामने आया कि जिन 12 अभ्यर्थियों ने इस परीक्षा में 90 से अधिक अंक प्राप्त कर 100 पर्सेंटाइल हासिल किया, वे पूर्व में पुलिस भर्ती एवं अन्य प्रतियोगी परीक्षाओं में 50 से कम अंक प्राप्त कर चुके थे। अचानक आए इस बड़े अंतर ने अधिकारियों को जांच के लिए प्रेरित किया।

अलग-अलग शिफ्ट, एक ही केंद्र — एक ही मददगार की आशंका

सीसीटीवी फुटेज और डिजिटल लॉग की जांच में यह आशंका जताई गई है कि सभी संदिग्ध अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र पर एक ही व्यक्ति द्वारा सहायता उपलब्ध कराई गई। हालांकि अभ्यर्थी अलग-अलग तारीखों और शिफ्ट में परीक्षा देने पहुंचे थे, लेकिन केंद्र समान रहा। इससे संगठित गिरोह की भूमिका की संभावना जताई जा रही है।

सुनियोजित नकल या तकनीकी हस्तक्षेप?

जांच अधिकारियों के अनुसार परीक्षा के दौरान न तो रफ शीट का उपयोग हुआ और न ही सामान्य परीक्षा गतिविधियां दर्ज हुईं। अधिकतर समय अभ्यर्थी शांत बैठे रहे और निर्धारित समय के भीतर केवल उत्तर विकल्प चुनते रहे। मंडल ने इसे सुनियोजित नकल या बाहरी तकनीकी सहायता का मामला माना है।

11 शहरों में आयोजित हुई थी परीक्षा

आबकारी आरक्षक भर्ती परीक्षा 9 से 21 सितंबर 2025 के बीच भोपाल, इंदौर, रतलाम सहित प्रदेश के 11 शहरों में आयोजित की गई थी। कुल 2,40,010 अभ्यर्थियों को प्रवेश पत्र जारी किए गए थे, जिनमें से 1,10,032 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए। परिणाम 5 फरवरी को घोषित किए गए थे।

सिस्टम एनालिस्ट की शिकायत पर मामला दर्ज

मंडल के प्रिंसिपल सिस्टम एनालिस्ट की लिखित शिकायत के आधार पर तकनीकी अनियमितताओं की पुष्टि की गई। इस संबंध में एमपी नगर थाना में शून्य पर जालसाजी का प्रकरण दर्ज किया गया। घटना स्थल रतलाम होने के कारण केस डायरी को रतलाम के संबंधित थाने में स्थानांतरित कर दिया गया है।

पुलिस ने 12 अभ्यर्थियों सहित अन्य संदिग्ध व्यक्तियों को आरोपी बनाते हुए मामले की विस्तृत जांच शुरू कर दी है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.