रतलाम में MPPSC SET परीक्षा के दौरान सिख छात्रा की पगड़ी उतरवाने पर विवाद : प्रशासन ने मांगी माफी
छात्रा के परिजन वीरेंद्र सिंह को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने सिख समाज के अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद समाज के प्रतिनिधि केंद्र पर पहुंचे और केंद्राध्यक्ष के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) मध्य प्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) द्वारा रविवार को आयोजित राज्य पात्रता परीक्षा (SET) के दौरान रतलाम के एक परीक्षा केंद्र पर विवाद की स्थिति बन गई। सागोद रोड स्थित उत्कृष्ट स्कूल में परीक्षा से पूर्व चेकिंग के दौरान राजस्थान के चित्तौड़गढ़ से आई अमृतधारी सिख छात्रा गुर्लिन कौर की पगड़ी (दुमाला साहेब) और कृपाण उतरवाने का मामला सामने आया। घटना के विरोध में सिख समाज के लोग केंद्र पर पहुंचे और आपत्ति दर्ज कराई। बाद में प्रशासन ने खेद व्यक्त करते हुए माफी मांगी, जिसके बाद मामला शांत हुआ।
रविवार दोपहर 12 से 3 बजे तक आयोजित परीक्षा के लिए रतलाम में कुल 16 केंद्र बनाए गए थे। उत्कृष्ट स्कूल केंद्र पर परीक्षा से पहले अभ्यर्थियों की सघन जांच की जा रही थी। इसी दौरान महिला स्टाफ द्वारा छात्रा को अलग कक्ष में ले जाकर जांच की गई और सिर पर बंधी पगड़ी तथा कृपाण उतरवा ली गई।
छात्रा के परिजन वीरेंद्र सिंह को जब इसकी जानकारी मिली तो उन्होंने सिख समाज के अन्य लोगों को सूचना दी। इसके बाद समाज के प्रतिनिधि केंद्र पर पहुंचे और केंद्राध्यक्ष के समक्ष आपत्ति दर्ज कराई। उनका कहना था कि परीक्षा के दिशा-निर्देशों में पगड़ी उतारने का उल्लेख नहीं है और इससे धार्मिक भावनाएं आहत हुई हैं।
सूचना मिलते ही प्रशासनिक अधिकारी और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। एसडीएम, सीएसपी सहित अन्य अधिकारियों ने समाजजनों से चर्चा की। अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि किसी की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने का उद्देश्य नहीं था। संबंधित स्टाफ को भविष्य में सावधानी बरतने के निर्देश दिए गए।
परीक्षा देकर बाहर आई छात्रा गुर्लिन कौर ने कहा कि यह उनकी धार्मिक परंपरा का हिस्सा है और उन्होंने पहले भी कई परीक्षाएं दी हैं, जहां ऐसी स्थिति नहीं बनी।
केंद्राध्यक्ष व स्कूल प्राचार्य सुभाष कुमावत ने कहा कि आयोग के निर्देशानुसार जांच की गई, किंतु यदि अज्ञानतावश कोई त्रुटि हुई है तो वे इसके लिए खेद व्यक्त करते हैं।
What's Your Reaction?

