रतलाम में वाहन चेकिंग के दौरान दो पिस्टल और 6 कारतूस के साथ 6 आरोपी गिरफ्तार
पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान पल्सर मोटरसाइकिल चला रहे रोहित उर्फ कृष्णा माली के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं एक्टिवा स्कूटी चला रहे जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू के पास से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जिले में अपराधों की रोकथाम और अवैध हथियारों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अवैध पिस्टल, छह जिंदा कारतूस और दो वाहनों के साथ छह आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ आर्म्स एक्ट एवं मोटर व्हीकल एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक के निर्देशन तथा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक विवेक कुमार एवं नगर पुलिस अधीक्षक सत्येंद्र घनघोरिया के मार्गदर्शन में 18 जून की रात सैलाना रोड स्थित सिद्ध विनायक कॉलोनी के पास वाहन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा था। इसी दौरान पलसोड़ा की ओर से एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी पर सवार छह युवक तेज गति से आते दिखाई दिए।
पुलिस ने दोनों वाहनों को रोककर तलाशी ली। जांच के दौरान पल्सर मोटरसाइकिल चला रहे रोहित उर्फ कृष्णा माली के कब्जे से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और चार जिंदा कारतूस बरामद किए गए। वहीं एक्टिवा स्कूटी चला रहे जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू के पास से एक अवैध पिस्टल, मैगजीन और दो जिंदा कारतूस मिले।
पूछताछ के दौरान आरोपी हथियारों के संबंध में कोई वैध लाइसेंस या दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। साथ ही वाहन चालकों के पास भी ड्राइविंग लाइसेंस और वाहन संबंधी आवश्यक दस्तावेज नहीं पाए गए। इसके बाद पुलिस ने दोनों पिस्टल, छह कारतूस, पल्सर मोटरसाइकिल और एक्टिवा स्कूटी जब्त कर सभी छह आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों में रोहित उर्फ कृष्णा माली, वरुण उर्फ बंटी भार्गव, अबरार हुसैन, जितेंद्र उर्फ बड़ा गोलू सोलंकी, दीपेश उर्फ छोटा गोलू पाल और दीपांशु डाबी मालवीय शामिल हैं।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो अवैध पिस्टल, छह जिंदा कारतूस, एक पल्सर मोटरसाइकिल और एक एक्टिवा स्कूटी जब्त की है। जब्त मशरूका की अनुमानित कीमत करीब 1.80 लाख रुपये बताई गई है।
इस कार्रवाई में उप निरीक्षक अशोक दीक्षित, सहायक उप निरीक्षक विनोद कटारा, आरक्षक इमरान खान, पवन मेहता, कान्हा, रविराज सिंह, मोहन चौहान, रवि चंदेल, राजेश सेंगर, अर्जुन खींची, किशन तथा चालक मयंक की विशेष भूमिका रही।
What's Your Reaction?



