ड्यूटी का दबाव, योग से मिलेगा सुकून : रतलाम पुलिस की अनूठी पहल :पुलिस लाइन में योग-प्राणायाम शिविर शुरू, रोज सुबह एक घंटे स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर रहेगा फोकस

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस बल एवं पतंजलि योगपीठ युवा भारत, जिला रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए इस शिविर में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ उनके परिवारजन भी शामिल हो सकेंगे।

Sep 19, 2026 - 16:45
 0
ड्यूटी का दबाव, योग से मिलेगा सुकून : रतलाम पुलिस की अनूठी पहल :पुलिस लाइन में योग-प्राणायाम शिविर शुरू, रोज सुबह एक घंटे स्वास्थ्य और तनाव प्रबंधन पर रहेगा फोकस

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) कानून-व्यवस्था संभालने और अपराध नियंत्रण की जिम्मेदारी निभाने वाले पुलिसकर्मियों के लिए अब सेहत और मानसिक सुकून पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। इसी उद्देश्य से रतलाम पुलिस ने पुलिस लाइन स्थित निकुंज सामुदायिक भवन में निःशुल्क योग एवं प्राणायाम शिविर की शुरुआत की है।

पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में जिला पुलिस बल एवं पतंजलि योगपीठ युवा भारत, जिला रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में शुरू किए गए इस शिविर में पुलिस अधिकारी-कर्मचारियों के साथ उनके परिवारजन भी शामिल हो सकेंगे।

शिविर के शुभारंभ अवसर पर पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों ने योग एवं प्राणायाम का अभ्यास किया। पहल का उद्देश्य केवल शारीरिक फिटनेस तक सीमित नहीं है, बल्कि लगातार ड्यूटी के दबाव के बीच मानसिक एकाग्रता, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक दिनचर्या को बढ़ावा देना भी है।

ड्यूटी के तनाव के बीच स्वास्थ्य पर फोकस

पुलिसकर्मियों को कानून-व्यवस्था, अपराध नियंत्रण, वीआईपी ड्यूटी और जनसेवा जैसे दायित्वों के कारण कई बार लंबे समय तक दबाव में काम करना पड़ता है। ऐसे में रतलाम पुलिस ने स्वास्थ्य को पुलिस कल्याण का अहम हिस्सा मानते हुए योग और प्राणायाम को नियमित गतिविधि के रूप में शुरू किया है।

शिविर में योगासन, सूक्ष्म व्यायाम, ध्यान और प्राणायाम का अभ्यास कराया जाएगा। पुलिसकर्मियों के परिवारजनों को भी इससे जोड़कर घर और कार्यस्थल दोनों जगह स्वस्थ एवं सकारात्मक वातावरण बनाने का प्रयास किया जाएगा।

रोज सुबह एक घंटे योग

पुलिस लाइन स्थित निकुंज सामुदायिक भवन में प्रतिदिन सुबह 7 से 8 बजे तक निःशुल्क योग शिविर आयोजित होगा। इसमें पुलिस अधिकारी, कर्मचारी और उनके परिवारजन नियमित रूप से भाग ले सकेंगे।

शुभारंभ कार्यक्रम में अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक राकेश पंद्रो, एसडीओपी किशोर पाटनवाला, रक्षित निरीक्षक मोहन भर्रावत, सूबेदार कैलाश बघेल, अनोखीलाल परमार सहित अन्य पुलिस अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.