रतलाम में अब तक की सबसे बड़ी ड्रग्स कार्रवाई : एमडी ड्रग फैक्ट्री का भंडाफोड़ : 20 करोड़ की ड्रग्स जब्त :16 हिरासत में
पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके से करीब 20 करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। कार्रवाई के दौरान 16 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है
रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) जिले के जावरा सबडिवीजन अंतर्गत कालूखेड़ा थाना क्षेत्र के ग्राम चिकलाना में पुलिस ने नशे के कारोबार पर अब तक की सबसे बड़ी कार्रवाई करते हुए एमडी ड्रग्स बनाने की अवैध फैक्ट्री पकड़ी है। एसपी अमित कुमार के निर्देश पर गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात करीब 2:30 बजे की गई इस गोपनीय रेड में भारी मात्रा में तैयार एमडी ड्रग्स, कच्चा माल और हथियार बरामद किए गए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार मौके से करीब 20 करोड़ रुपये कीमत की एमडी ड्रग्स जब्त की गई है, जिसकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत लगभग 100 करोड़ रुपये आंकी जा रही है। कार्रवाई के दौरान 16 संदिग्धों को हिरासत में लिया गया है। इसके अलावा 12 बोर की बंदूकें और जिंदा कारतूस भी बरामद हुए हैं, जिससे साफ है कि नशा माफिया पूरी तैयारी के साथ इस अवैध धंधे को संचालित कर रहा था।
बताया जा रहा है कि एसपी अमित कुमार को फैक्ट्री संचालन की गोपनीय सूचना मिली थी, जिसके बाद विशेष टीमों ने पिछले तीन दिनों से फैक्ट्री और उसके नेटवर्क की रेकी की। पूरी कार्रवाई को अत्यंत गोपनीय रखा गया। सूचना पुख्ता होने पर एसपी ने विशेष टीम गठित कर छापामार कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्रवाई में रतलाम एएसपी राकेश खाखा, ग्रामीण एएसपी विवेक कुमार लाल और जावरा एसडीओपी संदीप मालवीय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और एक मकान पर दबिश दी, जहां एमडी ड्रग्स तैयार की जा रही थी। एसपी अमित कुमार उस समय भोपाल में आयोजित आईपीएस मीट में शामिल थे, जहां से उन्होंने अस्थाई कंट्रोल रूम बनाकर पूरी कार्रवाई की पल-पल की मॉनिटरिंग की।
मोस्ट वांटेड आरोपी भी गिरफ्तार
पुलिस सूत्रों के अनुसार छापे के दौरान रतलाम सहित अन्य राज्यों का एक मोस्ट वांटेड आरोपी भी गिरफ्तार किया गया है। फिलहाल पुलिस टीम मौके पर मौजूद है और पूरे ड्रग नेटवर्क की गहन जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?

