सेंट किट्स एंड नेविस से लौटे रतलाम के मल्लखंब खिलाड़ी, शहर में हुआ भव्य स्वागत : जवाहर व्यायामशाला का नाम किया रोशन
खिलाड़ियों के चयन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी व्यायामशाला संचालक वैभव जाट, गौरव जाट एवं सचिव राजीव रावत ने निभाई
रतलाम। ( प्रकाशभारत न्यूज़ ) सेंट किट्स एंड नेविस सरकार द्वारा आमंत्रित रतलाम के मल्लखंब खिलाड़ी एक माह का अंतरराष्ट्रीय प्रशिक्षण एवं प्रदर्शन कार्यक्रम पूरा कर शहर लौट आए। जवाहर व्यायामशाला के चार प्रतिभावान खिलाड़ी—अमन सिंह सिसोदिया, एकता सोलंकी, रैना शर्मा और जागृति गोस्वामी—सोमवार को रतलाम पहुंचे, जहां रेलवे स्टेशन पर उनका भव्य स्वागत किया गया। स्वागत रैली के रूप में उन्हें पूरे उत्साह के साथ जवाहर व्यायामशाला तक लाया गया।
खिलाड़ियों के चयन की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी व्यायामशाला संचालक वैभव जाट, गौरव जाट एवं सचिव राजीव रावत ने निभाई। सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय अभियान के लिए चुना गया था।
विदेश में चमका भारत का मल्लखंब
पिछले एक महीने के दौरान इन खिलाड़ियों ने सेंट किट्स एंड नेविस सहित विभिन्न देशों के नागरिकों को भारत की प्राचीन और गौरवशाली कला मल्लखंब का प्रशिक्षण दिया। विदेशी प्रतिभागियों ने मल्लखंब में गहरी रुचि लेते हुए भारतीय कला, परंपरा और खिलाड़ियों की उत्कृष्ट क्षमताओं की सराहना की। खिलाड़ियों ने रतलाम, मध्यप्रदेश और भारत का नाम विश्व मंच पर गौरवान्वित किया।
गुरु को नमन कर की शुरुआत
जवाहर व्यायामशाला पहुँचने पर खिलाड़ियों ने स्वर्गीय नारायणजी पहलवान की प्रतिमा के समक्ष पूजा-अर्चना की और आशीर्वाद प्राप्त किया।
व्यायामशाला परिवार ने किया स्वागत
इस अवसर पर व्यायामशाला संचालक वैभव जाट, गौरव जाट, सचिव राजीव रावत सहित वरिष्ठ सदस्य, धन्ना उस्ताद, नरेंद्र सिंह राणावत, मनीष पुरी, अर्जुन सिसोदिया, अभिषेक पाल, यज्ञेश व्यास, विशाल पोरवाल, राजेश सोलंकी, गोविंद शर्मा तथा अन्य सदस्य उपस्थित रहे और खिलाड़ियों का हर्षोल्लास के साथ स्वागत किया।
What's Your Reaction?



