मुख्यमंत्री की 5 करोड़ की घोषणा,14 महीने का इंतजार फिर भी बदहाल नेहरू स्टेडियम : युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने जनप्रतिनिधियों से पूछा—आखिर कब शुरू होगा काम?
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने स्टेडियम की बदहाल स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को घेरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार है और मुख्यमंत्री स्वयं 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा कर चुके हैं, तो 14 महीने बाद भी काम जमीन पर क्यों नहीं दिखाई दे रहा?
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रतलाम के ऐतिहासिक नेहरू स्टेडियम के कायाकल्प के लिए 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा की थी। घोषणा को करीब 14 महीने बीत गए, लेकिन स्टेडियम का कायाकल्प तो दूर, इसकी बदहाली भी कम होती नजर नहीं आ रही। शहर के खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण इस खेल परिसर की मौजूदा हालत अब सरकार और जनप्रतिनिधियों के दावों पर सवाल खड़े कर रही है।
युवक कांग्रेस जिलाध्यक्ष मयंक जाट ने स्टेडियम की बदहाल स्थिति का वीडियो सोशल मीडिया पर जारी कर सरकार और स्थानीय जनप्रतिनिधियों को घेरा है। उन्होंने सवाल उठाया कि जब प्रदेश में ट्रिपल इंजन की सरकार है और मुख्यमंत्री स्वयं 5 करोड़ रुपये देने की घोषणा कर चुके हैं, तो 14 महीने बाद भी काम जमीन पर क्यों नहीं दिखाई दे रहा?
मयंक जाट के मुताबिक स्टेडियम मैदान में बारिश के बाद पानी और कीचड़ जमा है। परिसर में गंदगी और झाड़ियां फैली हुई हैं। ऐसे माहौल में खिलाड़ियों के लिए नियमित अभ्यास करना मुश्किल हो रहा है। उनका कहना है कि जिस स्टेडियम को रतलाम की खेल प्रतिभाओं के लिए बेहतर सुविधाओं का केंद्र बनना था, वह फिलहाल उपेक्षा का उदाहरण नजर आ रहा है।
घोषणा बड़ी, काम कब?
मयंक जाट ने कहा कि सरकार की घोषणाओं का असली मूल्यांकन उनके जमीन पर उतरने से होता है। 5 करोड़ रुपये के कायाकल्प की घोषणा के 14 महीने बाद भी यदि स्टेडियम में विकास कार्य दिखाई नहीं देता, तो जवाबदेही तय होना चाहिए।
उन्होंने शासन-प्रशासन से मांग की कि घोषणा को लेकर स्थिति स्पष्ट की जाए और यदि राशि स्वीकृत है तो उसके आवंटन एवं निर्माण कार्य की प्रक्रिया तत्काल शुरू की जाए। साथ ही स्टेडियम की सफाई और मैदान को खेल योग्य बनाने के लिए तत्काल कदम उठाए जाएं।
अब रतलाम के खिलाड़ियों और खेल प्रेमियों के बीच सवाल यही है—मुख्यमंत्री की 5 करोड़ की घोषणा आखिर कब मैदान पर दिखाई देगी, या नेहरू स्टेडियम को अभी और इंतजार करना होगा?
What's Your Reaction?



