जावरा में नशे के सौदागरों पर पुलिस का शिकंजा : 6 लाख 70 हजार की ड्रग्स जब्त : तीन गिरफ्तार, एक आरोपी फरार : सप्लाई नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस का कहना है कि आरोपी कार के जरिए एमडी ड्रग्स की खेप लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बेगमपुरा ईदगाह रोड क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) जावरा में नशे की एक और खेप अपने ठिकाने तक पहुंचने से पहले ही पुलिस के हत्थे चढ़ गई। बेगमपुरा ईदगाह रोड पर जावरा शहर थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार से करीब 6 लाख 70 हजार रुपए कीमत की एमडी ड्रग्स बरामद की और तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। कार्रवाई के दौरान एक अन्य आरोपी वसीम चौकड़ी पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया।
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपियों की पहचान लक्की, अरबाज और दानिश के रूप में हुई है। तीनों के धार और खरगोन जिले से जुड़े होने की जानकारी सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आरोपी कार के जरिए एमडी ड्रग्स की खेप लेकर जा रहे थे। इसी दौरान बेगमपुरा ईदगाह रोड क्षेत्र में पुलिस ने उन्हें पकड़ लिया।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एमडी ड्रग्स के साथ कार भी जब्त की है। कार्रवाई के बाद अब जांच का फोकस केवल पकड़े गए आरोपियों तक सीमित नहीं है। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि ड्रग्स की यह खेप कहां से आई, किसे पहुंचाई जानी थी और इसके पीछे कौन-कौन लोग जुड़े हैं।
मामले में फरार बताए जा रहे वसीम चौकड़ी की तलाश की जा रही है। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पूछताछ और जांच के जरिए नशे की इस सप्लाई चेन की अन्य कड़ियां सामने आने की उम्मीद है।
What's Your Reaction?

