विश्व फोटोग्राफी दिवस पर रतलाम में ऐतिहासिक धरोहरों को संजोने का संदेश : प्रतियोगिता में विजेता बच्चों को किया सम्मानित
मुख्य अतिथि जिलाधीश राजेश कुमार बाथम ने कहा कि रतलाम जिले में अनेक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं, जिन्हें संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों को रचनात्मकता की ओर प्रेरित करते हैं, बल्कि उन्हें अपने इतिहास और धरोहरों से भी जोड़ते हैं
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज) विश्व फोटोग्राफी दिवस के अवसर पर मंगलवार को पुराने कलेक्टोरेट परिसर स्थित गुलाब चक्कर में आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता एवं प्रदर्शनी ने जिले की ऐतिहासिक और पुरातात्विक विरासत को नए दृष्टिकोण से सामने रखा। कार्यक्रम का आयोजन ऑल इंडिया फोटोग्राफर एसोसिएशन (नई दिल्ली शाखा रतलाम) एवं लायंस क्लब समर्पण रतलाम के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
मुख्य अतिथि जिलाधीश राजेश कुमार बाथम ने कहा कि रतलाम जिले में अनेक महत्वपूर्ण ऐतिहासिक स्थल मौजूद हैं, जिन्हें संरक्षित रखना हम सभी की जिम्मेदारी है। इस प्रकार के आयोजन न केवल बच्चों को रचनात्मकता की ओर प्रेरित करते हैं, बल्कि उन्हें अपने इतिहास और धरोहरों से भी जोड़ते हैं।
कार्यक्रम की शुरुआत मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण से हुई। इस दौरान कलेक्टर राजेश कुमार बाथम, डीआरएम डॉ. अश्विन कुमार, एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश पोरवाल, क्लब अध्यक्ष डॉ. श्वेता विनचुरकर एवं सचिव रीता दीक्षित उपस्थित रहे। अतिथियों का स्वागत प्रेमलता दवे, अर्चना अग्रवाल, वीणा छाजेड़, डॉ. सुलोचना शर्मा, नीरज सुरोलिया व अन्य गणमान्य नागरिकों द्वारा किया गया।
क्लब अध्यक्ष डॉ. श्वेता विनचुरकर ने कहा कि फोटोग्राफी एक ऐसी कला है जिसमें हर कोई दक्ष बन सकता है। क्लब सदैव प्रतिभाओं के प्रोत्साहन के लिए ऐसे आयोजन करता है।
कार्यक्रम का संचालन कर रहे कैलाश व्यास ने बताया कि फोटोग्राफी का आविष्कार फ्रांस के जोसेफ नाइस फोर और लुइस डाग्युरे ने 1837 में किया था और 1839 में फ्रांस सरकार ने इसका कॉपीराइट खरीदकर 19 अगस्त को विश्व को उपहार स्वरूप समर्पित किया, तब से यह दिन फोटोग्राफी दिवस के रूप में मनाया जाता है।
इस अवसर पर आयोजित फोटोग्राफी प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार भव्या शेखावत, द्वितीय ध्यानी वोरा, एवं तृतीय अरनव पांचाल व विभूति निगम को प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त एकांत पाटीदार, विहान देसाई, दमयंती राठौर, चेष्टा परमार, हिमालय राठौर, लावण्या गोमरे, रिमशा खान, दिव्यांशी मेहरा, हरेम्ब दीक्षित, रोहिणी निंदाने एवं काव्या शर्मा को भी सम्मानित किया गया।
अतिथियों ने प्रदर्शनी का उद्घाटन कर सभी प्रतिभागियों की कलाकृतियों का अवलोकन किया और प्रशंसा की। इस अवसर पर क्लब एवं फेडरेशन की ओर से अतिथियों को भी सम्मानित किया गया।
कार्यक्रम में नीलिमा सिंह, सुनीता साखी, अनिल कंवर, राखी थोरेचा, मूवीना गोरी, सपना अग्रवाल, उषा गोयल, कविता व्यास, कुसुम चाहर, अमिता तिवारी, शबाना जीवा खान, विनीता नागोरिया, पत्रकार हेमंत भट्ट, अरुण कुमार पाठक सहित अनेक नागरिक उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का सफल संचालन कैलाश व्यास ने किया एवं आभार प्रदर्शन राकेश पोरवाल द्वारा किया गया।
What's Your Reaction?

