रतलाम पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार :15 दिन के अभियान में 25 फरार, ईनामी और वारंटी गिरफ्तार : 5.30 करोड़ की संपत्ति फ्रीज कराने की कार्रवाई

NDPS के 9 नए प्रकरण दर्ज, अफीम, एमडी, स्मैक और गांजा जब्त; ₹1.20 करोड़ की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी, 6 आरोपियों पर PIT-NDPS की कार्रवाई

Nov 8, 2026 - 12:02
 0
रतलाम पुलिस का नशे के कारोबार पर बड़ा प्रहार :15 दिन के अभियान में 25 फरार, ईनामी और वारंटी गिरफ्तार : 5.30 करोड़ की संपत्ति फ्रीज कराने की कार्रवाई

रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) नशे के अवैध कारोबार पर शिकंजा कसने के लिए रतलाम पुलिस ने अब तस्करों के नेटवर्क से लेकर उनकी अवैध संपत्तियों तक कार्रवाई तेज कर दी है। पुलिस अधीक्षक अमित कुमार के निर्देशन में चलाए जा रहे 15 दिवसीय विशेष अभियान में अब तक 25 फरार, ईनामी एवं वारंटी आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। वहीं, NDPS एक्ट के 9 नए प्रकरण दर्ज कर अफीम, एमडी ड्रग्स, स्मैक और गांजा जब्त किया गया है। नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित 5 करोड़ 30 लाख रुपये की अचल संपत्ति फ्रीज कराने के लिए कार्रवाई की गई है, जिसमें से 1 करोड़ 20 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।

27 अक्टूबर से शुरू हुआ यह विशेष अभियान 15 नवंबर तक संचालित किया जा रहा है। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार लाल एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो के मार्गदर्शन में पुलिस की विभिन्न टीमें मादक पदार्थों की तस्करी के मामलों में लंबे समय से फरार आरोपियों, ईनामी अपराधियों और गैर-जमानती वारंटियों की धरपकड़ में जुटी हैं।

अभियान में अब तक 25 आरोपियों की गिरफ्तारी

पुलिस के अनुसार अभियान के तहत अब तक NDPS एक्ट के मामलों में फरार चल रहे 12 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। इसके अलावा 6 गैर-जमानती वारंटियों तथा 7 ईनामी आरोपियों को भी पकड़ा गया है। इस तरह अलग-अलग श्रेणियों में कुल 25 आरोपियों की गिरफ्तारी की गई है।

9 नए NDPS प्रकरण, अफीम से लेकर एमडी और स्मैक तक जब्त

विशेष अभियान के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में मादक पदार्थों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 9 प्रकरण दर्ज किए गए। इनमें थाना बिलपांक पुलिस ने 210 ग्राम अफीम और दीनदयाल नगर पुलिस ने 1 किलो 192.5 ग्राम गांजा जब्त किया। रावटी पुलिस ने गांजे के 9 हरे पौधे, जिनका कुल वजन 12 किलो 800 ग्राम है, जब्त किए।

वहीं, जावरा शहर पुलिस ने 9.29 ग्राम एमडी के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया, जबकि दो अन्य की तलाश जारी है। दीनदयाल नगर पुलिस ने 9.33 ग्राम स्मैक, पिपलौदा पुलिस ने दो अलग-अलग कार्रवाई में 56 ग्राम स्मैक और 54 ग्राम एमडी तथा रिंगनोद पुलिस ने 40 ग्राम स्मैक एवं 10 ग्राम एमडी जब्त कर आरोपियों को गिरफ्तार किया। बरखेड़ा कला पुलिस ने भी 507 ग्राम गांजे के साथ एक आरोपी को पकड़ा।

लंबे समय से फरार 12 आरोपियों को दबोचा

NDPS एक्ट के विभिन्न प्रकरणों में लंबे समय से फरार चल रहे आरोपियों की गिरफ्तारी भी अभियान की बड़ी उपलब्धि रही। गिरफ्तार आरोपियों में गोपाल मालवीय, सुरेश जवर, दीपक नागोरी, प्रवीण रबारी, वसीम पठान, जोगिंदर उर्फ रिंकू, आमिर खान, जफर मंसुरी, जगदीश बागरी, चेनसिंह उर्फ कान्हा और उंकारलाल गुर्जर शामिल हैं। ये आरोपी रतलाम जिले के अलावा राजस्थान, गुजरात और हरियाणा के विभिन्न क्षेत्रों से संबंधित हैं।

ईनामी और वारंटियों पर भी कसा शिकंजा

अभियान के दौरान NDPS एक्ट के मामलों में जारी गैर-जमानती वारंटों की तामिली करते हुए पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। इनमें वी.पी. सिंह उर्फ विश्वनाथ प्रताप सिंह, दीपक मीणा, परवेज पठान, शुभम उपाध्याय और हुमा उर्फ हेमंत डामोर शामिल हैं।

इसके अलावा विभिन्न प्रकरणों में फरार चल रहे पांच ईनामी आरोपियों को भी गिरफ्तार किया गया। इनमें जगदीश उर्फ लाला बागरी, मोहसीन खान, श्यामलाल भील, महेश सेन और आमीन खान शामिल हैं।

तस्करों की करोड़ों की संपत्ति पर कार्रवाई

रतलाम पुलिस ने नशे के कारोबार से अवैध रूप से अर्जित संपत्ति पर भी शिकंजा कसना शुरू कर दिया है। अभियान के तहत चार आरोपियों की कुल 5 करोड़ 30 लाख रुपये की अचल संपत्ति फ्रीज कराने के लिए संबंधित प्रकरण भेजे गए हैं। इनमें से अब तक 1 करोड़ 20 लाख रुपये की संपत्ति फ्रीज करने के आदेश जारी हो चुके हैं।

इसके अतिरिक्त छह आरोपियों के विरुद्ध PIT-NDPS एक्ट के तहत कार्रवाई के लिए प्रकरण भी प्रेषित किए गए हैं। वहीं, तस्करी में संलिप्त आरोपियों के अफीम पट्टे निरस्त करवाने के लिए भी कार्रवाई की जा रही है।

गिरफ्तारी से आगे बढ़कर पूरे नेटवर्क पर निशाना

रतलाम पुलिस की इस कार्रवाई में खास बात यह है कि अभियान केवल मादक पदार्थों की जब्ती और आरोपियों की गिरफ्तारी तक सीमित नहीं है। पुलिस अब तस्करी के नेटवर्क, लंबे समय से फरार आरोपियों, अवैध कमाई से बनाई गई संपत्तियों और अफीम पट्टों पर भी कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि नशे के अवैध कारोबार के विरुद्ध यह विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.