रतलाम में भक्तों की अनोखी भक्ति : 40 करोड़ ‘राम नाम’ से जगमगाया राम जानकी मंदिर
रतलाम के राम भक्तों ने महीनों की साधना और तपस्या से जो 40 करोड़ राम नाम लिखे हैं, वह आज मंदिर को दिव्यता से भर रहे हैं।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम का महालक्ष्मी मंदिर जहां अपनी भव्य सजावट के लिए देशभर में प्रसिद्ध है, वहीं अब शहर का राम जानकी मंदिर भी अपनी अनोखी और आध्यात्मिक श्रृंगार कला के कारण सुर्खियों में है।
इस बार मंदिर को सोने–चांदी की सिल्लियों या नोटों की वंदनवारों से नहीं, बल्कि प्रभु श्रीराम के नाम से सजाया गया है। आश्चर्य की बात यह है कि सजावट में सैकड़ों, हजारों या लाखों नहीं, बल्कि करीब 40 करोड़ ‘राम नाम’ की पन्नियों और सामग्री का उपयोग किया गया है।
विवाह पंचमी पर दिव्य श्रृंगार
भगवान राम और मां जानकी के विवाह पंचमी के अवसर पर यह अद्वितीय सजावट की गई है। भक्तों ने पिछले कई महीनों तक विभिन्न रंगों के कागजों पर, पन्नों पर और यहां तक कि चने की दाल व अन्य खाद्य पदार्थों पर भी ‘राम’ नाम लिखा और इसे मंदिर सजाने में उपयोग किया गया है।
‘राम नाम’ से सजी नाव में पीएम मोदी का चित्रण
सजावट का एक खास आकर्षण वह प्रस्तुति है, जिसमें प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ‘राम नाम’ से सजी नाव में दर्शाया गया है, मानो वे देश की नैया को सुरक्षित दिशा दे रहे हों।
भक्तों की आस्था का अनूठा प्रमाण
रतलाम के राम भक्तों ने महीनों की साधना और तपस्या से जो 40 करोड़ राम नाम लिखे हैं, वह आज मंदिर को दिव्यता से भर रहे हैं।
विवाह पंचमी पर किए गए इस विशेष श्रृंगार ने भक्तों को अभिभूत कर दिया है। सुबह से ही मंदिर में श्रद्धालुओं की लंबी कतारें लग रही हैं।
गढ़कैलाश महादेव स्थित राम जानकी मंदिर का हाल ही में जीर्णोद्धार हुआ है। नव–सुसज्जित मंदिर में ‘राम नाम’ से की गई यह अनोखी सजावट कलयुग में भगवान के नाम की शक्ति और भक्तिभाव का अनुपम उदाहरण पेश कर रही है।
What's Your Reaction?

