रतलाम में अंतरजिला चोर गिरोह का खुलासा : 20-25 लोगों की टीमें बनाकर कई जिलों में की वारदात : सूने मकानों की रेकी के बाद करते थे चोरी : एक आरोपी गिरफ्तार
पुलिस के अनुसार, थाना औद्योगिक क्षेत्र क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित कर संदिग्धों और पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही थी।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर में लगातार हो रही चोरी की वारदातों के बीच थाना औद्योगिक क्षेत्र पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने मुखबिर सूचना और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर अंतरजिला चोरी गिरोह से जुड़े अलीराजपुर निवासी 31 वर्षीय मुन्ना पिता दरियाब सिंह गणावा को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में आरोपी ने अपने साथियों के साथ रतलाम सहित अन्य स्थानों पर चोरी की वारदातों में शामिल होना स्वीकार किया है।
पुलिस के अनुसार, थाना औद्योगिक क्षेत्र क्षेत्र में लगातार हो रही चोरी की घटनाओं को देखते हुए विशेष टीम गठित कर संदिग्धों और पूर्व में चोरी के मामलों में शामिल आरोपियों की जानकारी जुटाई जा रही थी। इसी दौरान सूचना मिली कि थाना बोरी, जिला अलीराजपुर क्षेत्र के कुछ चोर इन वारदातों में शामिल हो सकते हैं।
सूचना की तस्दीक के बाद पुलिस ने मुन्ना गणावा, निवासी फुट तालाब बड़ा, थाना बोरी, जिला अलीराजपुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के आधार पर उसे थाना औद्योगिक क्षेत्र के अपराध क्रमांक 95/2026 में धारा 331(4), 305(ए) बीएनएस के तहत गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में 20-25 लोगों की टीमों का खुलासा
पुलिस के मुताबिक, आरोपी से पूछताछ में प्यारसिंह बामनिया निवासी करचट, थाना टांडा, जिला धार का नाम भी सामने आया है। पुलिस अब उसके संबंध में जानकारी जुटाने के साथ आगे की जांच कर रही है।
पूछताछ में यह भी सामने आया कि थाना बोरी, अलीराजपुर और थाना टांडा, धार क्षेत्र के करीब 20 से 25 लोग अलग-अलग टीमें बनाकर विभिन्न जिलों में चोरी की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस अब इस पूरे नेटवर्क की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।
गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश कर पुलिस रिमांड लिया जाएगा। रिमांड के दौरान उससे चोरी की अन्य वारदातों, गिरोह में शामिल साथियों और चोरी किए गए मशरूके के संबंध में विस्तृत पूछताछ की जाएगी।
आरोपी का आपराधिक रिकॉर्ड भी सामने आया
पुलिस जांच में मुन्ना गणावा के खिलाफ थाना बोरी, जिला अलीराजपुर में पूर्व से मारपीट एवं महिला संबंधी अपराध के दो मामले तथा चोरी का एक अपराध दर्ज होना सामने आया है।
पुलिस का कहना है कि आरोपी से मिली जानकारी के आधार पर अन्य संदिग्धों की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं। साथ ही विभिन्न जिलों में हुई चोरी की घटनाओं और चोरी गए सामान की बरामदगी को लेकर भी जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?



