त्रिवेदी स्कूल से उप संचालक तक : सैलाना की बेटी विनीता लोढ़ा की सफलता की उड़ान

विनीता लोढ़ा ने वर्ष 1999 में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। सेवा के दौरान उन्होंने रतलाम सहित विभिन्न जिलों में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। रतलाम में उत्कृष्ट कार्य के कारण उन्हें जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया था।

Jul 14, 2026 - 07:37
 0
त्रिवेदी स्कूल से उप संचालक तक : सैलाना की बेटी विनीता लोढ़ा की सफलता की उड़ान

सैलाना (प्रकाशभारत न्यूज़) सैलाना की बेटी विनीता लोढ़ा ने अपनी मेहनत, लगन और उत्कृष्ट प्रशासनिक सेवाओं के दम पर एक और बड़ी उपलब्धि हासिल की है। महिला एवं बाल विकास विभाग में सहायक संचालक के पद से पदोन्नत होकर अब वे उप संचालक बन गई हैं। वर्तमान में वे विदिशा में पदस्थ हैं और पदोन्नति के बाद भी उनकी पदस्थापना विदिशा में ही रहेगी। उन्होंने हाल ही में उप संचालक पद का कार्यभार ग्रहण कर लिया है।

विनीता लोढ़ा की प्रारंभिक शिक्षा सैलाना के सबसे पुराने त्रिवेदी स्कूल में हुई। इसके बाद उन्होंने शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सैलाना से हायर सेकेंडरी तक की पढ़ाई पूरी की। आगे चलकर उन्होंने समाजशास्त्र में स्नातकोत्तर की उपाधि प्राप्त की।

बचपन से ही मेधावी और भाषण कला में निपुण विनीता अपनी प्रतिभा के लिए जानी जाती थीं। उनके शिक्षक बताते हैं कि छात्र जीवन से ही उनमें नेतृत्व क्षमता और प्रशासनिक सेवा में आगे बढ़ने की झलक दिखाई देती थी। सैलाना महाविद्यालय के समाजशास्त्र विभाग के सेवानिवृत्त प्राध्यापक डॉ. हरिकृष्ण बड़ोदिया के अनुसार, शुरुआत से ही यह विश्वास था कि विनीता भविष्य में बड़ी सफलता हासिल करेंगी।

विनीता लोढ़ा ने वर्ष 1999 में मध्यप्रदेश लोक सेवा आयोग (MPPSC) की परीक्षा उत्तीर्ण कर महिला एवं बाल विकास विभाग की प्रशासनिक सेवा में प्रवेश किया। सेवा के दौरान उन्होंने रतलाम सहित विभिन्न जिलों में अपनी जिम्मेदारियां निभाईं। रतलाम में उत्कृष्ट कार्य के कारण उन्हें जिला पंचायत के अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी का अतिरिक्त दायित्व भी सौंपा गया था। बाद में उनका स्थानांतरण विदिशा हो गया।

वर्तमान में उनके पति भी विदिशा में रेलवे विभाग में पदस्थ हैं। विभाग द्वारा हाल ही में उनकी कार्यकुशलता और उत्कृष्ट सेवाओं को देखते हुए उन्हें उप संचालक पद पर पदोन्नत किया गया।

विनीता लोढ़ा अपनी इस सफलता का श्रेय अपनी प्राथमिक शिक्षा और संस्कार देने वाले त्रिवेदी स्कूल, सैलाना को देती हैं। उनकी यह उपलब्धि सैलाना सहित पूरे क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.