इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा नगर के दिवंगत प्रसिद्ध 18 चिकित्सकों की फोटो गैलरी हुई स्थापित : डॉक्टर निशिकांत शर्मा मेमोरियल हॉल में हुआ अनावरण समारोह: स्वर्गीय चिकित्सकों के परिजन हुए अभिभूत।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर जयंत सुभेदार ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत ही गौरवमय पल है। जब कोई परिवार, संस्था और समाज अपने पितृ पुरुषों को याद करते हुए उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए चिर स्थाई बना देती है तो वह सदैव ही प्रगतिपथ पर यश और कीर्ति के साथ आगे बढ़ती है

Mar 9, 2025 - 19:22
Mar 9, 2025 - 19:23
 0
इंडियन मेडिकल एसोसिएशन द्वारा नगर के दिवंगत प्रसिद्ध 18 चिकित्सकों की फोटो गैलरी हुई स्थापित : डॉक्टर निशिकांत शर्मा मेमोरियल हॉल में हुआ अनावरण समारोह: स्वर्गीय चिकित्सकों के परिजन हुए अभिभूत।

रतलाम ( प्रकाशभारत न्यूज) शनिवार की शाम नगर के दिवंगत चिकित्सकों के नाम रही। किसी की पत्नी, किसी की पुत्रवधु तो किसी के पुत्रों ने अपने परिवार के मुखिया रहें नगर के विख्यात चिकित्सक की तस्वीर पर पुष्प माला अर्पित कर सजल नेत्रों से उनका स्मरण किया। उपस्थित चिकित्सकों ने दिवंगत वरिष्ठों की लोकार्पित फोटो गैलरी पर नगर की स्वास्थ सेवाओं के गौरवमई इतिहास को याद करते हुए कई रोचक संस्मरण भी साझा किए।

वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर जयंत सुभेदार ने कहा कि यह उनके लिए अत्यंत ही गौरवमय पल है। जब कोई परिवार, संस्था और समाज अपने पितृ पुरुषों को याद करते हुए उनकी स्मृतियों को आने वाली पीढ़ियों के लिए चिर स्थाई बना देती है तो वह सदैव ही प्रगतिपथ पर यश और कीर्ति के साथ आगे बढ़ती है। डॉक्टर सूभेदार ने आईएमए रतलाम के संस्थापक स्वर्गीय डॉक्टर के. डी. एस. राव एवं उनसे पूर्व अंग्रेजी हुकूमत के समय तत्कालीन रतलाम रियासत में संचालित मसीही चिकित्सालय में पदस्थ ख्याति प्राप्त कैनेडियन डॉक्टर बॉब मैक्लोर की अनथक सेवाओं से सभागार में उपस्थित चिकित्सकों एवं नगरवासियों को अवगत करवाया।

नगर के वरिष्ठ नाक कान गला रोग विशेषज्ञ डॉक्टर अरुण पुरोहित ने बताया कि मध्य प्रदेश का यह पहला उदाहरण है जहां इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने इस प्रकार की सुंदर फोटो गैलरी स्थापित कर रतलाम के स्वर्गीय चिकित्सकों को एक भावांजलि दी है।

वरिष्ठ पैथोलॉजिस्ट कैप्टन एन. के. शाह ने बताया कि यह पहल बहुत पहले ही हो जाने थी, परंतु कई चिकित्सकों के परिजनों से संपर्क स्थापित होने में विलंब होने से यह शुभ कार्य देर से हो पाया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि रेल मंडल रतलाम के प्रबंधक श्री अश्विनी कुमार एवं डॉक्टर अर्चना उपाध्याय (पत्नी) ने रतलाम आईएमए द्वारा किए गए इस अनुकरणीय कार्य के लिए संस्था के सभी चिकित्सकों की प्रशंसा की। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की संध्या पर आयोजित फोटो गैलरी के लोकार्पण पर श्री कुमार ने महिलाओं के सम्मान और उनके द्वारा किए जा रहे कार्यों की सराहना करते हुए वैदिक श्लोक 'यत्र नार्यस्तु पूज्यन्ते रमन्ते तत्र देवता' की व्याख्या कर चिकित्सकों एवं महिलाओं के उल्लेखनीय कार्यों की प्रशंसा की।

वरिष्ठ स्त्रीरोग चिकित्सक डॉली मेहरा ने महिलाओं को जागृत करते हुए उन्हें उनके अधिकार, स्वास्थ्य और सेवा कार्यों के लिए प्रोत्साहित किया।

आरम्भ में रतलाम के विख्यात एवं वरिष्ठ चिकित्सक डॉक्टर निशिकांत शर्मा के चित्र पर उनके पुत्र व पुत्रवधु चिकित्सक द्वय डॉक्टर सूर्यकांत शर्मा एवं डॉक्टर ममता शर्मा ने माल्यार्पण किया। इसके पश्चात बानवें (92) वर्षीय श्रीमति चंद्रकांता निगम ने अपने पति स्वर्गीय डॉक्टर नूर सिंह निगम (सेवा निवृत सीएमएचओ) की तस्वीर पर माल्यार्पण किया। नम नेत्रों से श्रीमति निगम ने डॉक्टर सूभेदार तथा आईएमए रतलाम के सभी चिकित्सकों का आभार व्यक्त किया। तत्पश्चात दिवंगत चिकित्सकों के परिजनों ने अपने अपने पितृ पुरुषों की तस्वीरों पर पुष्पमाला अर्पित की। कार्यक्रम को बदनावर में पदस्थ प्राचार्य श्रीमती नंदा व्यास ने अपने ससुर व वरिष्ठ चिकित्सक स्वर्गीय डॉक्टर दशरथ व्यास की सेवाओं को रतलाम में निरंतर याद रखने के लिए उपस्थित चिकित्सकों को धन्यवाद ज्ञापित किया।

इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के राजेंद्र नगर स्थित सुभेदार भवन के डॉक्टर निशिकांत मेमोरियल हॉल में सेवा भावी दिवंगत चिकित्सकों की जिस फोटो गैलरी का अनावरण हुआ उनमें डॉ. बॉब मैकल्योर, डॉ. केडीएस राव, डॉक्टर फजल हक, डॉक्टर इंद्रमल चौधरी, डॉक्टर जीएम फडनिस, डॉ. नूर सिंह निगम, डॉक्टर बीडी पुरोहित, डॉक्टर दशरथ व्यास, डॉक्टर वीएस जैन, डॉक्टर एस एन मेहरा, डॉ. केके माहेश्वरी, डॉ. श्याम काबरा, डॉ. एमएल गुप्ता, डॉक्टर अनिल बाजपेई, डॉक्टर डीसी बोरिवाल, डॉ. पीडी बंसल, डॉक्टर पीआर सिंह, डॉक्टर मनोज सोलंकी शामिल हैं। इस अवसर पर नगर के सभी प्रमुख चिकित्सक एवं आईएमए सदस्य उपस्थित थे।

कार्यक्रम का संचालन डॉक्टर जयंत सूभेदार तथा आभार आईएमए अध्यक्ष डॉक्टर गोपाल यादव ने व्यक्त किया।

What's Your Reaction?

like

dislike

love

funny

angry

sad

wow

Sujeet Upadhyay Sujeet Upadhyay is a senior journalist who have been working for around Three decades now. He has worked in More than half dozen recognized and celebrated News Papers in Madhya Pradesh. His Father Late shri Prakash Upadhyay was one of the pioneer's in the field of journalism especially in Malwanchal and MP.