दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर भीषण हादसा: ट्राले की टक्कर से CNG कार में आग : चालक की मौत : पिता-बेटी गंभीर
परिजनों के अनुसार नरेंद्र अपनी बेटी टिशा को परीक्षा दिलाने के लिए रतलाम जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे पर शिवगढ़ थाना क्षेत्र के ग्राम बावड़ी के पास मंगलवार दोपहर एक भीषण सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्राले ने चलती सीएनजी कार को टक्कर मार दी, जिसके बाद कार में अचानक आग लग गई और देखते ही देखते पूरा वाहन जलकर खाक हो गया।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार हादसा करीब दोपहर 12:30 बजे हुआ। टक्कर के बाद कार में आग इतनी तेजी से फैली कि उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। मौके पर मौजूद ग्रामीणों ने साहस दिखाते हुए तत्काल राहत कार्य शुरू किया और घायलों को किसी तरह जलती कार से बाहर निकाला। साथ ही पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी गई।
हादसे में कार चालक 28 वर्षीय रोहित पुत्र जानिया की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं झाबुआ जिले के मेघनगर निवासी 48 वर्षीय नरेंद्र पुत्र शांतिलाल राठौड़ गंभीर रूप से झुलस गए, जबकि उनकी 23 वर्षीय बेटी टिशा को भी चोटें आई हैं। दोनों घायलों को मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है।
परिजनों के अनुसार नरेंद्र अपनी बेटी टिशा को परीक्षा दिलाने के लिए रतलाम जा रहे थे, तभी रास्ते में यह दर्दनाक हादसा हो गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है।
What's Your Reaction?





