सैलाना में गोवंश अवशेष फेंकने के मामले का खुलासा : दो आरोपी गिरफ्तार : हिंदूवादी संगठनों ने किया था चक्काजाम
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात चारेल पेट्रोल पंप के आगे एक निजी नर्सिंग कॉलेज के सामने गोवंश का सिर एवं अन्य अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी।
सैलाना (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम-बांसवाड़ा मार्ग पर गोवंश का सिर और अन्य अवशेष फेंकने के सनसनीखेज मामले का सैलाना पुलिस ने खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने वारदात में उपयोग किए गए बोलेरो वाहन को भी जब्त कर लिया है।
गौरतलब है कि मंगलवार देर रात चारेल पेट्रोल पंप के आगे एक निजी नर्सिंग कॉलेज के सामने गोवंश का सिर एवं अन्य अवशेष मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई थी। घटना की जानकारी मिलते ही हिंदूवादी संगठनों में आक्रोश फैल गया और आरोपियों की शीघ्र गिरफ्तारी की मांग को लेकर पिपलौदा फंटे पर धरना-प्रदर्शन एवं चक्काजाम किया गया। प्रदर्शनकारियों ने सड़क पर गोवंश के अवशेष रखकर विरोध जताया। पुलिस प्रशासन द्वारा दो दिनों के भीतर आरोपियों को गिरफ्तार करने के आश्वासन के बाद बुधवार सुबह करीब 5 बजे आंदोलन समाप्त हुआ।
मामले में फरियादी राजवीर पिता दिलीप ग्वाले (21), निवासी विनोबा मार्ग, गवली मोहल्ला की रिपोर्ट पर थाना सैलाना में अज्ञात आरोपियों के विरुद्ध अपराध क्रमांक 201/2026 दर्ज कर धारा 4 एवं 9 मध्यप्रदेश गोवंश वध प्रतिषेध अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध किया गया था।
घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीओपी नीलम बघेल के मार्गदर्शन तथा थाना प्रभारी पिंकी आकाश के नेतृत्व में विशेष पुलिस टीम गठित की गई। टीम ने घटनास्थल का सूक्ष्म निरीक्षण कर तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर संदिग्धों की पहचान की।
जांच के दौरान पुलिस ने दो आरोपियों को हिरासत में लेकर पूछताछ की। आरोपियों ने अपने नाम सुनील पिता रमसु वसुनिया, निवासी ग्राम इटावा, थाना काकनवानी, जिला झाबुआ तथा दुलसिंह पिता बारजी डिंडोर, निवासी ग्राम कोटड़ा, थाना सैलाना, जिला रतलाम बताए। पुलिस पूछताछ में दोनों आरोपियों ने घटना को अंजाम देना स्वीकार किया।
आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने वारदात में प्रयुक्त बोलेरो वाहन भी जब्त कर लिया है। पुलिस मामले में आगे की जांच कर रही है।
What's Your Reaction?



