बेखौफ अपराधी :गुरुद्वारे जा रही रिटायर्ड शिक्षिका से सुरक्षा का झांसा देकर लूट : सोने के आभूषण लेकर हुए फरार
बदमाशों की बातों पर भरोसा करते हुए महिला ने करीब एक तौले का सोने का मंगलसूत्र उतारकर अपने बैग में रख लिया। कुछ देर बाद दोनों युवक फिर महिला के पास पहुंचे और खुद को मददगार बताते हुए बैग सुरक्षित रखने तथा उन्हें घर तक छोड़ने की बात कही।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) शहर में बदमाशों के हौसले लगातार बुलंद होते जा रहे हैं। सोमवार सुबह दो शातिर युवकों ने 72 वर्षीय रिटायर्ड शिक्षिका को अपना निशाना बनाते हुए सुरक्षा का झांसा देकर उनके सोने के आभूषण, मोबाइल फोन और नकदी से भरा बैग लेकर फरार हो गए। वारदात आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों में भी कैद हुई है, जिसके आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
जानकारी के अनुसार मित्र निवास कॉलोनी निवासी रिटायर्ड शिक्षिका मोहिनी रायचंदानी (72) सोमवार सुबह शास्त्री नगर स्थित गुरुद्वारे जा रही थीं। इसी दौरान शक्ति मेडिकल वाली गली में बाइक सवार दो युवकों ने उन्हें रोककर बातचीत शुरू की। युवकों ने महिला को समझाया कि शहर में चोरी-लूट की घटनाएं बढ़ रही हैं और सोने के गहने पहनकर चलना सुरक्षित नहीं है। उन्होंने सलाह दी कि गहने उतारकर बैग में रख लें।
बदमाशों की बातों पर भरोसा करते हुए महिला ने करीब एक तौले का सोने का मंगलसूत्र उतारकर अपने बैग में रख लिया। कुछ देर बाद दोनों युवक फिर महिला के पास पहुंचे और खुद को मददगार बताते हुए बैग सुरक्षित रखने तथा उन्हें घर तक छोड़ने की बात कही।
विश्वास में आई बुजुर्ग महिला ने जैसे ही बैग उनके हवाले किया, दोनों आरोपी बैग लेकर दौड़ पड़े और कुछ ही पलों में मौके से फरार हो गए। बैग में पहले से करीब डेढ़ तौले की सोने की पाटली, मोबाइल फोन और लगभग दो हजार रुपये नकद रखे हुए थे।
घटना के बाद पीड़िता ने स्टेशन रोड थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगालना शुरू कर दिया है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि दोनों आरोपी बाइक पर सवार होकर आए थे।
What's Your Reaction?



