विरियाखेड़ी कॉलोनी के बगीचे की जमीन बचाने की मांग : उपनेता प्रतिपक्ष कचवाय ने एसडीएम को सौंपा ज्ञापन
कचवाय ने शिकायत में बताया कि वार्ड क्रमांक 10, विरियाखेड़ी में सर्वे नंबर 148, रकबा 1.200 पर श्री श्री गौड़ गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित द्वारा सहायक संचालक नगर एवं ग्राम निवेश विभाग तथा नगर निगम से स्वीकृति प्राप्त कर कॉलोनी विकसित की गई थी। स्वीकृत ले-आउट प्लान में आवासीय प्लॉटों के साथ बगीचे के लिए भी भूमि आरक्षित की गई थी।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) नगर निगम के उपनेता प्रतिपक्ष कमरूद्दीन कचवाय ने विरियाखेड़ी स्थित एक कॉलोनी में बगीचे के लिए आरक्षित भूमि के कथित रूप से विक्रय किए जाने का मामला उठाते हुए अनुविभागीय अधिकारी (एसडीएम) को शिकायत प्रस्तुत की है। उन्होंने मामले की जांच कर बगीचे की शेष भूमि को सुरक्षित रखने तथा उसका विकास कराने की मांग की है।
कचवाय ने शिकायत में बताया कि वार्ड क्रमांक 10, विरियाखेड़ी में सर्वे नंबर 148, रकबा 1.200 पर श्री श्री गौड़ गृह निर्माण सहकारी संस्था मर्यादित द्वारा सहायक संचालक नगर एवं ग्राम निवेश विभाग तथा नगर निगम से स्वीकृति प्राप्त कर कॉलोनी विकसित की गई थी। स्वीकृत ले-आउट प्लान में आवासीय प्लॉटों के साथ बगीचे के लिए भी भूमि आरक्षित की गई थी।
उन्होंने आरोप लगाया कि स्वीकृत नक्शे में दर्शाए गए बगीचे की आधे से अधिक हिस्से की भूमि को संस्था के कुछ सदस्यों द्वारा कथित रूप से फर्जी तरीके से विक्रय कर दिया गया। संबंधित भूखंडों की रजिस्ट्री होने के साथ उनका नामांतरण भी नगर निगम अभिलेखों में दर्ज हो चुका है।
कचवाय ने आवेदन के साथ स्वीकृत ले-आउट प्लान की प्रति भी संलग्न की है। उन्होंने मांग की है कि स्वीकृत नक्शे में बगीचे के लिए आरक्षित बची हुई भूमि को संरक्षित किया जाए तथा उसे नगर निगम की उद्यान विकास योजना में शामिल कर विकसित कराया जाए, ताकि कॉलोनीवासियों को सार्वजनिक उद्यान की सुविधा मिल सके।
What's Your Reaction?