सेवानिवृत्त शिक्षक से 10 हजार की रिश्वत लेते बाबू चढ़ा लोकायुक्त के हत्थे : सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ जारी करने के एवज में मांग रहा था रिश्वत
जानकारी के अनुसार, आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट, सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं निवासी जावरा ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र एवं पीपीओ जारी कराने के लिए अनिल वर्मा, सहायक ग्रेड-2 (बाबू), संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
रतलाम/जावरा (प्रकाशभारत न्यूज़) लोकायुक्त पुलिस उज्जैन ने भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जावरा में एक बाबू को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है। आरोपी सेवानिवृत्त शिक्षक के सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र और पीपीओ (पेंशन भुगतान आदेश) जारी कराने के एवज में रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार, आवेदक लक्ष्मीनारायण लोट, सेवानिवृत्त उच्च माध्यमिक शिक्षक एवं निवासी जावरा ने लोकायुक्त उज्जैन में शिकायत दर्ज कराई थी कि उनके सेवानिवृत्ति प्रमाण पत्र एवं पीपीओ जारी कराने के लिए अनिल वर्मा, सहायक ग्रेड-2 (बाबू), संकुल केंद्र शासकीय कन्या उच्च माध्यमिक विद्यालय कमला नेहरू, जावरा द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।
शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त टीम ने सोमवार को जाल बिछाया। जैसे ही आवेदक ने आरोपी को 10 हजार रुपये दिए, उसने राशि लेकर अपनी टेबल की दराज के ऊपर रखे रजिस्टर के नीचे छिपा दी। टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए आरोपी को रंगे हाथों पकड़ लिया तथा रिश्वत की राशि बरामद कर ली।
लोकायुक्त ने आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण (संशोधन) अधिनियम 2018 की धारा 7 के तहत प्रकरण दर्ज किया है। मामले में आगे की कार्रवाई जारी है।
यह कार्रवाई लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक आनंद कुमार यादव के मार्गदर्शन में डीएसपी दिनेशचंद्र पटेल के नेतृत्व में निरीक्षक हीना डावर एवं टीम के अन्य सदस्यों द्वारा की गई।
What's Your Reaction?