रतलाम की जनता से अपील : 9 करोड़ के इंजेक्शन से बचेगी नन्हीं अनिका की जान : 17 फरवरी को रतलाम में लगेगी मदद की गुहार
अनिका के समर्थन में रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल तथा समाजसेवी मदन सोनी ने भी जिलेवासियों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की है, ताकि इलाज के लिए आवश्यक राशि जुटाई जा सके।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) मध्य प्रदेश के इंदौर की तीन वर्षीय मासूम अनिका शर्मा की जिंदगी बचाने के लिए अब रतलाम से भी मदद के हाथ आगे बढ़ने लगे हैं। एसएमए टाइप-2 (स्पाइनल मस्कुलर एट्रोफी) जैसी दुर्लभ बीमारी से जूझ रही अनिका के इलाज के लिए देशभर में अपील की जा रही है और कई जानी-मानी हस्तियां भी सहयोग की गुहार लगा चुकी हैं।
हाल ही में बॉलीवुड अभिनेता सोनू सूद ने वीडियो संदेश जारी कर लोगों से बच्ची की सहायता करने की अपील की थी। इससे पहले ‘बिग बॉस’ की आवाज के रूप में प्रसिद्ध विजय विक्रम सिंह भी जनसहयोग की अपील कर चुके हैं। अब अनिका का परिवार 17 फरवरी 2026 को मदद की गुहार लेकर रतलाम पहुंच रहा है।
अनिका के समर्थन में रतलाम महापौर प्रहलाद पटेल तथा समाजसेवी मदन सोनी ने भी जिलेवासियों से आगे आकर सहयोग करने की अपील की है, ताकि इलाज के लिए आवश्यक राशि जुटाई जा सके। मदन सोनी ने भी बच्ची क़े इलाज क़े लिए 1लाख रुपये की मदद की है।
इंदौर के द्वारकापुरी क्षेत्र में रहने वाले प्रवीण शर्मा और उनकी पत्नी सारिका शर्मा की बेटी अनिका एसएमए टाइप-2 से पीड़ित है। यह बीमारी अत्यंत दुर्लभ मानी जाती है और लगभग 10–12 लाख बच्चों में से किसी एक को प्रभावित करती है। इस रोग में बच्चों की मांसपेशियां धीरे-धीरे कमजोर होती जाती हैं, जिससे वे बैठने और चलने में असमर्थ हो जाते हैं।
परिजनों के अनुसार, प्रारंभिक जांच इंदौर में कराने के बाद बच्ची को भोपाल और फिर दिल्ली स्थित AIIMS New Delhi ले जाया गया, जहां बीमारी की पुष्टि हुई। परिवार का कहना है कि इस बीमारी का प्रभावी उपचार भारत में उपलब्ध नहीं है। इलाज के लिए अमेरिका से विशेष इंजेक्शन मंगवाना पड़ता है, जिसकी कीमत लगभग 9 करोड़ रुपये बताई जा रही है।
इतनी बड़ी राशि जुटाने के लिए परिवार अनीश पांडे के सहयोग से क्राउड फंडिंग अभियान चला रहा है। देशभर में सहायता की अपील के क्रम में अब अनिका शर्मा जीवन की आस लेकर 17 फरवरी 2026 को रतलाम पहुंचेंगी, जहां जनसहयोग से उपचार हेतु आवश्यक फंड एकत्रित करने का प्रयास किया जाएगा।
What's Your Reaction?

