डकैती की योजना बनाते 8 बदमाश गिरफ्तार : पवन चक्की पर डकैती की थी साजिश
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो तलवार, पांच दरांते, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर, बोलेरो वाहन (MP-09 CP-0586) तथा 5.428 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा शराब के खाली क्वार्टर, बीड़ी के बंडल, डिस्पोजल गिलास और पानी की खाली बोतलें भी मौके से मिलीं
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) रतलाम जिले की बिलपांक थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए पवन चक्की पर डकैती की योजना बना रहे आठ बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के कब्जे से दो धारदार तलवार, पांच दरांते, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर, बोलेरो वाहन और 5.428 किलोग्राम गांजा सहित करीब 5.58 लाख रुपये का मशरूका जब्त किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों में एक नाबालिग भी शामिल है।
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण विवेक कुमार, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर राकेश पंद्रो तथा एसडीओपी ग्रामीण किशोर पाटनवाला के मार्गदर्शन में थाना प्रभारी अय्यूब खान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने यह सफलता हासिल की।
मुखबिर की सूचना पर हुई घेराबंदी
पुलिस को 23 जुलाई को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना मिली थी कि महू-नीमच फोरलेन पर सरवड़ के पास स्थित एक खंडहर में कुछ बदमाश हथियारों के साथ एकत्र होकर पास स्थित पवन चक्की पर डकैती डालने की योजना बना रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और आठ संदिग्धों को दबोच लिया।
हथियार, गांजा और बोलेरो बरामद
तलाशी के दौरान आरोपियों के कब्जे से दो तलवार, पांच दरांते, एक इलेक्ट्रॉनिक कटर, बोलेरो वाहन (MP-09 CP-0586) तथा 5.428 किलोग्राम गांजा बरामद किया गया। इसके अलावा शराब के खाली क्वार्टर, बीड़ी के बंडल, डिस्पोजल गिलास और पानी की खाली बोतलें भी मौके से मिलीं। जब्त सामग्री की कुल अनुमानित कीमत करीब 5.58 लाख रुपये आंकी गई है।
डकैती की योजना स्वीकार
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपियों ने पास स्थित पवन चक्की पर डकैती की योजना बनाने की बात स्वीकार की। इस मामले में थाना बिलपांक में अपराध क्रमांक 501/2026 दर्ज कर आरोपियों के खिलाफ धारा 310(4), 310(5) बीएनएस, 25 आर्म्स एक्ट और 8/20 एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी गई है।
ये आरोपी हुए गिरफ्तार
पुलिस ने विनोद डिण्डोर, अनिल मईड़ा, कैलाश निनामा, संदीप निनामा, रामलाल निनामा, सुरेंद्र मईड़ा, सतीश कटारा सहित एक नाबालिग को गिरफ्तार किया है। सभी आरोपियों से पूछताछ जारी है और पुलिस उनके आपराधिक रिकॉर्ड की भी जांच कर रही है।
इन पुलिसकर्मियों की रही सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी अय्यूब खान, चौकी प्रभारी बिरमावल उप निरीक्षक दिनेश राठौर, उप निरीक्षक सुनील सिंह राघव, एएसआई अजय रावत, एएसआई मानालाल दसोरिया सहित बिलपांक थाना और बिरमावल चौकी के पुलिस अधिकारियों एवं जवानों की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
What's Your Reaction?



