खेल चेतना मेला: खेल जागृति रैली के साथ हुआ भव्य शुभारंभ, 100 से अधिक स्कूलों के बच्चों ने लिया भाग
नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष, फाउंडेशन अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने की।
रतलाम (प्रकाशभारत न्यूज़) खेल चेतना मेला के शुभारंभ से पूर्व शहर में खेल जागृति रैली का आयोजन किया गया। रैली की शुरुआत कॉलेज ग्राउंड से हुई, जहां भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, विधानसभा संयोजक मनोहर पोरवाल, खेल सलाहकार अशोक जैन ‘लाला’, आयोजन समिति सचिव मुकेश जैन, क्रीड़ा भारती जिलाध्यक्ष डॉ. गोपाल मजावदिया, सचिव अनुज शर्मा, महेंद्र बोथरा, डॉ. नरेंद्र मेहता एवं प्रदीप सिंह राव ने हरी झंडी दिखाकर रैली को रवाना किया।
खेल जागृति रैली में शहर के 100 से अधिक स्कूलों के विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की। रैली शहर के प्रमुख मार्गों से होती हुई नेहरू स्टेडियम पहुंची, जहां मार्चपास्ट के माध्यम से स्कूली बच्चों ने अतिथियों को सलामी दी।
नेहरू स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि महिला एवं बाल विकास विभाग मंत्री निर्मला भूरिया रहीं। कार्यक्रम की अध्यक्षता क्रीड़ा भारती के राष्ट्रीय कार्याध्यक्ष, फाउंडेशन अध्यक्ष एवं सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री चेतन्य काश्यप ने की। विशेष अतिथि के रूप में महापौर प्रहलाद पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष प्रदीप उपाध्याय, निगम अध्यक्ष मनीषा शर्मा एवं श्रीमती नीता काश्यप उपस्थित रहीं।
अतिथियों ने ध्वज वंदन कर खेल चेतना मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर अंतरराष्ट्रीय तैराक अब्दुल कादिर ने विद्यार्थियों को खेल मेले की शपथ दिलाई। कार्यक्रम के दौरान खेलों के प्रति जागरूकता, अनुशासन और स्वस्थ जीवनशैली का संदेश दिया गया। आयोजन ने शहर में खेल संस्कृति को मजबूत करने की दिशा में एक सशक्त पहल के रूप में नई ऊर्जा का संचार किया।
What's Your Reaction?



