चांदनी चौक बंदूक दुकान धमाका : घायल दुकानदार यूसुफ अली की इंदौर में मौत : तीन का इलाज जारी
यह हादसा 26 जनवरी की शाम करीब 4 बजे हुआ था, जब चांदनी चौक स्थित आर्म्स शॉप में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर दुकान में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे।
रतलाम (प्रकाशभारत.कॉम) शहर के चांदनी चौक क्षेत्र में स्थित एक बंदूक दुकान में हुए धमाके में गंभीर रूप से घायल दुकानदार यूसुफ अली (58) की उपचार के दौरान मौत हो गई। प्राथमिक इलाज के बाद उन्हें इंदौर रेफर किया गया था, जहां मंगलवार देर रात उन्होंने दम तोड़ दिया।
यह हादसा 26 जनवरी की शाम करीब 4 बजे हुआ था, जब चांदनी चौक स्थित आर्म्स शॉप में अचानक जोरदार धमाका हो गया। धमाके की आवाज सुनकर दुकान में मौजूद लोग अपनी जान बचाने के लिए इधर-उधर भागने लगे। हादसे में चार लोग बुरी तरह झुलस गए, जिनमें से कुछ जलती हालत में दुकान से बाहर निकलकर सड़क की ओर दौड़ पड़े।
धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। पास की दुकानों में बैठे लोग भी बाहर निकल आए, वहीं सड़क पर खड़े मैजिक वाहन से सवारियां उतरकर जान बचाकर भागीं।
इस हादसे में आर्म्स शॉप संचालक यूसुफ अली (58), नाजिम (32), शेख रफीकुद्दीन (35) और ग्राहक संदीप पिता शंकर पाटीदार (35) घायल हुए थे। यूसुफ अली की मौत हो चुकी है, जबकि अन्य तीन घायलों का इलाज इंदौर में जारी है।
घटना के वीडियो भी सामने आए हैं, जिनमें धमाके के बाद झुलसे लोग दुकान से बाहर निकलते और सड़क पर भागते हुए दिखाई दे रहे हैं। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
What's Your Reaction?

